बदायूं: दहेज के लिए प्रताड़ित बहन के घर पहुंचा भाई और फिर… चली गोली, मौत
दातागंज(बदायूं), अमृत विचार। दहेज के लिए बहन को प्रताड़ित करने की सूचना पर विवाद सुलझाने गए भाई की बहन के ससुर ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है। बरेली के थाना फतेहगंज पूर्वी के गांव सुकटिया सिंगावारी निवासी महिपाल सिंह की बेटी संगीता की शादी बदायूं …
दातागंज(बदायूं), अमृत विचार। दहेज के लिए बहन को प्रताड़ित करने की सूचना पर विवाद सुलझाने गए भाई की बहन के ससुर ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है।
बरेली के थाना फतेहगंज पूर्वी के गांव सुकटिया सिंगावारी निवासी महिपाल सिंह की बेटी संगीता की शादी बदायूं के थाना दातागंज के गांव बौरा निवासी राहुल पुत्र महेंद्र से तीन वर्ष पहले हुई थी। ससुराली दहेज के लिए संगीता को प्रताड़ित करते थे। संगीता का भाई रक्षपाल (28) अक्सर समझौता कराने बहन के घर आता था।

गुरुवार को भी विवाद हुआ तो राहुल ने रक्षपाल को फोन किया कि संगीता कुछ खा-पी नहीं रही है। उसे ले जाओ। रक्षपाल चचेरे भाई जसवीर के साथ गांव बौरा पहुंचा। रात लगभग नौ बजे बातचीत हो रही थी। इसी बीच संगीता का ससुर महेंद्र लाइसेंसी बंदूक निकाल लाया और रक्षपाल को गोली मार दी जिससे उसकी मौत हो गई।
जसवीर अपनी जान बचाने को भाग गया और घर फोन करने के बाद थाने पर सूचना दी। पुलिस गांव पहुंची तो महेंद्र फरार हो गया था। मृतक की पत्नी संतोषा ने बताया कि दहेज को लेकर कई बार पहले भी संगीता के ससुरालियों ने उसके साथ मारपीट की थी। हर बार समझौता हो जाता था लेकिन इस बार संगीता के ससुर ने गोली मार दी।
एसपी सिटी प्रवीन सिंह चौहान ने कहा कि युवक की गोली मारकर हत्या करने वाले अभियुक्त के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।
