बरेली: कुछ दिन का इंतजार, फिर सादा पेट्रोल भी 100 के पार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। पेट्रोल, डीजल की बढ़ती कीमतों ने आम से लेकर खास आदमी को परेशान कर दिया है। पिछले कुछ महीनों में जिस तरह से पेट्रोल के दाम तेजी से बढ़ रहे हैं, उसे देखकर तो यही अनुमान लगाया जा रहा है कि कुछ ही दिनों में साधारण पेट्रोल की कीमतें भी 100 रुपये …

बरेली, अमृत विचार। पेट्रोल, डीजल की बढ़ती कीमतों ने आम से लेकर खास आदमी को परेशान कर दिया है। पिछले कुछ महीनों में जिस तरह से पेट्रोल के दाम तेजी से बढ़ रहे हैं, उसे देखकर तो यही अनुमान लगाया जा रहा है कि कुछ ही दिनों में साधारण पेट्रोल की कीमतें भी 100 रुपये पार कर जाएंगी। प्रीमियम पेट्रोल का दाम बरेली में पहले से ही 102 रुपये लीटर को भी पार कर चुका है। साधारण पेट्रोल अभी 98.27 पैसे प्रति लीटर है। शुक्रवार को बरेली में डीजल का रेट 89.93 रुपये प्रति लीटर रहा।

16 जुलाई को बरेली में साधारण पेट्रोल का भाव 98.27 पैसे प्रति लीटर था। पिछले वर्ष इसी अवधि में पेट्रोल का मूल्य 80 रुपये लीटर था। यानी एक साल में 18 रुपये तक बढ़े हैं। पिछले साल 16 जुलाई को डीजल का भाव 72 रुपये प्रति लीटर था। अभी 89.93 रुपये हैं। इस हिसाब से 17.93 रुपये प्रति लीटर डीजल भी महंगा हुआ है।

जानकारों का कहना है कि पेट्रोल, डीजल के दाम में तेजी पश्चिम बंगाल विधानसभा का चुनाव परिणाम आने के बाद से ज्यादा शुरू हुई है। आंकड़ों पर गौर करें तो तीन मई से ही पेट्रोल और डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के कारण ट्रांसपोर्ट का खर्च बढ़ा है। ट्रांसपोर्टरों ने माल भाड़ा तक बढ़ा दिया गया है जिस कारण रोजमर्रा में शामिल तमाम वस्तुओं के दाम भी पिछले साल की तुलना में काफी हद तक बढ़ गए हैं।

निजी वाहन का ज्यादा प्रयोग करने वाले ज्यादा परेशान
पेट्रोल डीजल के दाम बढ़ने से निजी वाहन का प्रयोग करने वाले ज्यादा परेशान हैं क्योंकि वह महामारी के खौफ से सार्वजनिक वाहनों में सफर करने से बच रहे हैं। दूसरी तरफ नौकरीपेशा व व्यापार से जुड़े लोग अधिक परेशान हैं। उन्हें न चाहकर भी निजी वाहनों का ज्यादा प्रयोग करना पड़ता है। शहर के आजाद नगर कॉलोनी निवासी शुभम ने बताया कि पेट्रोल पर महंगाई की वजह से कार चलाना कम कर दिया लेकिन अब आसमान छू रहे पेट्रोल के दामों की वजह से बाइक भी सोच समझकर चलानी पड़ रही है। जब जरूरी काम होता तभी बाइक निकालते हैं।

दलहन से लेकर खाद्य तेलों के तक दाम बढ़े
डीजल के बढ़ते दाम ने आम आदमी को हिलाकर रख दिया है। इसके दाम में साल भर के भीतर बरेली में दलहन से लेकर खाद्य तेलों में बढ़ोतरी हुई है। बीते एक साल में सरसों की दाल, रिफाइंड, अरहर की दाल में काफी तेजी आई। पिछले साल जुलाई में सरसों का तेल बाजार में 100 रुपये किलो प्रति लीटर उपलब्ध रहा, जो अब भी 170 रुपये लीटर में बिक रहा है। इसी तरफ रिफांइड तेल पिछले साल जुलाई में 85 रुपये प्रति लीटर था। प्रिंट रेट भी 115 रुपये आ रहा था। इस समय प्रिंट रेट 185 रुपये है। अभी 155 से 160 रुपये लीटर में दिया जा रहा है। इसी तरह मूंग की दाल, चना, मसूर, उड़द समेत खाद्य पदार्थों के दामों में 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।

रोजाना पेट्रोल डीजल की कीमत में इजाफा हो रहा है। यह स्थिति रही तो अगले सप्ताह तक साधारण पेट्रोल के दाम भी सौ रुपये प्रति लीटर तक पहुंच जाएंगे। ऐसे में महंगाई बढ़ना स्वभाविक है। -अशोक गुप्ता, पेट्रोल पंप एसोसिएशन

  • 98.27 पैसे प्रति लीटर पेट्रोल बिक रहा वर्तमान में
  • 89.93 रुपये प्रति लीटर चल रहा डीजल का मूल्य

संबंधित समाचार