बरेली: अब 24 जुलाई तक भरे जा सकेंगे बीएड और एमएड के परीक्षा फॉर्म

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। बीएड, एमएड, बीएलएड, एमपीएड और व्यवसायिक पाठ्यक्रमों के छात्रों को एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय (रुविवि) ने परीक्षा फार्म भरने का एक और मौका दिया है। अब छात्र 24 जुलाई तक परीक्षा फार्म भरकर महाविद्यालय में जमा कर सकेंगे। परीक्षा फार्म 19 जुलाई से वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे। बीएड व एमएड के परीक्षा फार्म भरने …

बरेली,अमृत विचार। बीएड, एमएड, बीएलएड, एमपीएड और व्यवसायिक पाठ्यक्रमों के छात्रों को एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय (रुविवि) ने परीक्षा फार्म भरने का एक और मौका दिया है। अब छात्र 24 जुलाई तक परीक्षा फार्म भरकर महाविद्यालय में जमा कर सकेंगे। परीक्षा फार्म 19 जुलाई से वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे।

बीएड व एमएड के परीक्षा फार्म भरने की तिथि 9 जुलाई को और व्यवसायिक पाठ्यक्रमों की तिथि 1 जुलाई को समाप्त हो गई थी। कई छात्र परीक्षा फार्म भरने से वंचित रह गए थे और फार्म भरने की तिथि बढ़ाने की मांग विश्वविद्यालय प्रशासन से कर रहे थे। हालांकि, अभी बीएड, एमएड और व्यवसायिक पाठ्यक्रमों का परीक्षा कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है। ऐसे में छात्रों को फार्म भरने का एक और मौका दिया गया है।

परीक्षा नियंत्रक अशोक कुमार अरविंद ने परीक्षा फार्म को लेकर सूचना जारी की है कि बीएड (विश्वविद्यालय परिसर व महाविद्यालयों के लिए), एमएड, बीपीएड व बीएलएड परीक्षा वर्ष 2021 और वार्षिकी व्यवसायिक परीक्षा 2021 के स्नातक स्तर पर बीएससी गृह विज्ञान, कम्प्यूटर साइंस, बायोटेक्नोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी, ऑनर्स, बीकॉम ऑनर्स व कम्प्यूटर, एमएससी गृह विज्ञान और विभिन्न स्नातक व स्नातकोत्तर स्तर के डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के संस्थागत, परीक्षा सुधार और छूटी हुई मौखिकी परीक्षा और भूतपूर्व परीक्षा के फार्म छात्र नहीं भर सके थे, इसलिए तिथियों को बढ़ाया जा रहा है।

छात्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर ऑनलाइन फार्म व शुल्क जमा कर सकते हैं। छात्र 19 जुलाई से फॉर्म भर सकेंगे। छात्रों को 23 जुलाई तक परीक्षा फॉर्म व ऑनलाइन शुल्क जमा करना होगा। छात्रों को 24 जुलाई को महाविद्यालय में भरे हुए परीक्षा फार्म जमा करने होंगे।

भरे फॉर्म अब विश्वविद्यालय में नहीं होंगे जमा
अभी तक विश्वविद्यालय प्रशासन सभी प्रकार के भरे परीक्षा फॉर्म महाविद्यालयों से विश्वविद्यालय में जमा कराता था। मुख्य परीक्षा फॉर्म जमा करने के दौरान काफी भीड़ लगी थी। हंगामा भी होता था। उसके बाद महाविद्यालयों को जिलावार फॉर्म जमा करने की तिथि दे दी गई थी। उसके बाद भी विश्वविद्यालय में भीड़ जमा हुई। अब विश्वविद्यालय ने परीक्षा फॉर्म जमा करने पर रोक लगा दी है। अब भरे परीक्षा फॉर्म महाविद्यालय में ही रखे जाएंगे। इसको लेकर परीक्षा नियंत्रक ने निर्देश दिए हैं कि सभी प्राचार्य ऑनलाइन भरे परीक्षा फॉर्म को भलीभांति परीक्षण कर ही ऑनलाइन विश्वविद्यालय में अग्रसारित करें। किसी भी तरह की गलती के लिए महाविद्यालय ही जिम्मेदार होगा। परीक्षा फॉर्म की हार्डकापी व्यक्तिगत या डाक के जरिये विश्वविद्यालय में जमा नहीं होगी।

संबंधित समाचार