बरेली: ट्विटर पर आंदोलन को 10 लाख कर्मचारियों का समर्थन
बरेली, अमृत विचार। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ प्रदेश अध्यक्ष डा. दिनेश शर्मा ने रविवार को ट्वीटर पर शिक्षकों और कर्मचारियों की मांग पूरी कराने के आंदोलन चलाया। इसमें 10 लाख शिक्षकों ने ट्वीट कर आंदोलन शुरू किया। उन्होंने कहा कि परिषदीय स्कूलों में शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, विशेष शिक्षक, रसोइया एवं कस्तूरबा गांधी विद्यालय के …
बरेली, अमृत विचार। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ प्रदेश अध्यक्ष डा. दिनेश शर्मा ने रविवार को ट्वीटर पर शिक्षकों और कर्मचारियों की मांग पूरी कराने के आंदोलन चलाया। इसमें 10 लाख शिक्षकों ने ट्वीट कर आंदोलन शुरू किया। उन्होंने कहा कि परिषदीय स्कूलों में शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, विशेष शिक्षक, रसोइया एवं कस्तूरबा गांधी विद्यालय के शिक्षा विभाग की उत्पीड़नात्मक कार्यशैली से परेशान हैं।
शिक्षकों की पुरानी पेंशन और प्रदेश में सवा लाख विद्यालयों में प्रधानाध्यापक के पद समाप्त कर दिए गए हैं। 5 साल से शिक्षकों की पदोन्नति भी नहीं की गई। शिक्षकों को ऑनलाइन संबंधी कई कार्य तो सौंप दिए हैं लेकिन उन्हें मोबाइल, लैपटॉप और इंटरनेट की सुविधा नहीं दी गई है।
शर्मा ने बताया कि शिक्षामित्रों को शिक्षक के पद से हटाकर शिक्षामित्र बना दिया गया, जिससे वे मानसिक रूप से परेशान हैं। अनुदेशकों का मानदेय 17000 से घटाकर 7000 रुपये कर दिया गया है। परिषदीय स्कूलों के विशेष शिक्षक एवं रसोइया आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। रसोइया का मानदेय बहुत कम है, जिस पर सरकार कोई विचार नहीं कर रही है। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के शिक्षक योग्यता होते हुए भी स्थायी शिक्षक से कम वेतन पा रहे हैं।
कई ज्ञापन देने के बाद भी किसी भी संवर्ग की समस्याओं का निराकरण नहीं किया जा रहा है। प्रदेश में पिछले डेढ़ वर्ष से लगातार एस्मा लगाकर शिक्षक व कर्मचारी संगठनों को आंदोलन करने से रोका जा रहा है। शिक्षक संघ ने शिक्षकों की समस्याओं से संबंधित 21 सूत्रीय ज्ञापन सरकार को भेजकर समस्याओं के निराकरण की मांग की है। उन्होंने कहा कि हमारी मांगें पूरी नहीं की गई तो लखनऊ में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
अभियान प्रदेश महामंत्री संजय सिंह, कोषाध्यक्ष शिव शंकर पांडे, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राधे रमण त्रिपाठी, संयुक्त महामंत्री सुरेंद्र यादव की देखरेख में पूरा हुआ। बरेली में ट्वीटर अभियान में मांडलिक मंत्री मुकेश सिंह चौहान के नेतृत्व में जिला कोषाध्यक्ष अजरार हुसैन आगा, प्रमोद गंगवार, रोहित सिंह, शशि भूषण, आशीष वर्मा, उपाध्यक्ष सुनील शुक्ला, हरीश बाबू गंगवार, संजय शर्मा, विनोद वर्मा, केदार सिंह, मोहम्मद हसन आदि के सहयोग से पूरा किया गया। बरेली में 30000 ट्वीट किए गए।
प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष मुकेश सिंह ने बताया कि ट्वीटर पर 10 लाख ट्वीट करके आदोलन का बिगुल फूंका जा चुका है, अगर हमारी 21 सूत्रीय मांगों को सरकार ने पूरा नहीं किया तो प्रदेश स्तर आंदोलन और मांगें पूरी होने तक हम पीछे नहीं हटेंगे।
