बरेली: लाल फाटक समेत कई कॉलोनियों में गुल रही बिजली
बरेली, अमृत विचार। शहर की बिजली व्यवस्था पूरी तरह से पटरी से उतर गई है। लाल फाटक में ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि कार्य के लिए करीब 12 घंटे बिजली गुल रही। वहीं रविवार के बाद सोमवार को हुई बारिश के चलते भी शहर के कई कॉलोनियों में बिजली कटौती की गई। जिससे उपभोक्ताओं को काफी …
बरेली, अमृत विचार। शहर की बिजली व्यवस्था पूरी तरह से पटरी से उतर गई है। लाल फाटक में ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि कार्य के लिए करीब 12 घंटे बिजली गुल रही। वहीं रविवार के बाद सोमवार को हुई बारिश के चलते भी शहर के कई कॉलोनियों में बिजली कटौती की गई। जिससे उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली कटौती जानने के लिए जब अधिकारियों और कर्मचारियों को फोन किया गया तो उनके नंबर नहीं लगे।
रविवार को हुई बारिश से फीडर ट्रिप होने, लाइनें टूटनें, शटडाउन लिए जाने से बिजली गुल रही। बारिश खत्म होने के बाद काफी जगहों पर आपूर्ति शुरू हो गई, लेकिन कई जगहों पर देर रात तक बिजली नहीं आई। बिजली को लेकर सब स्टेशनों की हेल्पलाइन पर शिकायतें दर्ज कराने का सिलसिला चलता रहा लेकिन उसके बाद सोमवार को सुबह से फिर शुरू हुई बारिश से बिजली की लाइनों में फाल्ट होने की वजह से शहर से लेकर देहात तक के उपकेन्द्र में खराबी होने से बिजली गुल हो गई।

बारिश में फाल्ट न हो इसके लिए शहर के लगभग ज्यादातर फीडर बंद कर दिए गए। इसके बावजूद तेज आंधी में फाल्टों की झड़ी लग गई। कई जगहों पर लाइनें टूट गई। कई फीडर ट्रिप हो गए। शहर के तमाम इलाकों में रात तक बिजली आपूर्ति शुरु नहीं हो सकी। बारिश बन्द होने के बाद कुछ इलाकों की विद्युत आपूर्ति शुरू की गई। सुभाषनगर, हरुनगला, डेलापीर, कुतुबखाना और किला विद्युत उपकेन्द्र पर बिजली आने का समय पूछने के लिए उपभोक्ता अधिकारियों और कर्मचारियों को कॉल करते रहे। मगर उनका फोन नहीं उठा।
12 घंटे बिजली न आने से 35 हजार की आबादी बेहाल
कांधरपुर सब स्टेशन से जुड़े लाल फाटक समेत अन्य इलाकों में सोमवार को दिनभर बिजली गुल रही। ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि कार्य के लिए 12 घंटे का शटडाउन लिया गया है। इस दौरान फुंके हुए ट्रांसफार्मर की जगह पर आठ एमबीए का नया ट्रांसफार्मर लगाया गया। इसके चलते क्षेत्र में लाल फाटक, कांधरपुर, आईटीबीपी, दूरदर्शन, पालपुर-कमालपुर समेत आसपास के अन्य गांव और शहर में लाल फाटक के आसपास के बाकी हिस्से में भी बिजली गुल रही। इससे पहले लखनऊ से मंगाया गया आठ एमवीए का ट्रांसफार्मर चार्ज होते समय खराब हो गया था। जिसके बाद पांच एमवीए वाले पुराने ट्रांसफार्मर से ही क्षेत्र में बिजली की सप्लाई दी जा रही थी।
