बरेली: 50 लाख की आबादी पर सांप पकड़ने को एक भी विशेषज्ञ नहीं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। यदि आपके घर या आसपास कहीं सांप दिखे तो वन विभाग की टीम आकर सांप पकड़ेगी, इसके भरोसे में न रहें। सांप पकड़वाने के लिए आपको स्वयं इंतजाम करने पड़ेंगे। वन विभाग के इंतजार में जान जोखिम में भी पड़ सकती है। बारिश के मौसम में सांप काटने की घटनाएं तेजी से …

बरेली, अमृत विचार। यदि आपके घर या आसपास कहीं सांप दिखे तो वन विभाग की टीम आकर सांप पकड़ेगी, इसके भरोसे में न रहें। सांप पकड़वाने के लिए आपको स्वयं इंतजाम करने पड़ेंगे। वन विभाग के इंतजार में जान जोखिम में भी पड़ सकती है। बारिश के मौसम में सांप काटने की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं।

इसके बावजूद वन विभाग ने घरों में घुसने वाले सांपों को पकड़वाने के कोई इंतजाम नहीं किए हैं। जबकि ग्रामीण क्षेत्रों व जंगलों के नजदीक रहने वाले लोगों में सांप के घरों में घुसने से दहशत भी बढ़ रही है। सात दिन में पांच लोगों की सर्पदंश से मौत हो चुकी है। हैरत की बात यह है कि 50 लाख की आबादी वाले जिले में वन विभाग के पास एक भी सांप पकड़ने का विशेषज्ञ नहीं है।

वन विभाग के अधिकारी सर्प मित्रों के जरिए सांप पकड़ने का दावा कर रहे हैं। जरूरत पड़ने पर अधिकारी भी सर्प मित्र का सहारा लेकर अपनी जान बचाते हैं। बारिश में हर साल सांप काटने की घटनाएं होती हैं। इसके बावजूद वन विभाग के अधिकारियों ने सांप पकड़ने के लिए कोई विशेषज्ञों की टीम का गठन नहीं किया है।

शिकायत के बाद भी नहीं पहुंचती टीम
घरों में सांप निकलने की शिकायत लोग वन विभाग के वन रेंजर, एसडीओ व डीएफओ के मोबाइल नंबर पर काल करते हैं लेकिन जवाब नहीं मिलता। जबकि शिकायत दर्ज करने के लिए एक कर्मचारी की जिम्मेदारी तय की गई है। वन विभाग का दावा है कि सांप निकलने की शिकायत मिलते ही विशेषज्ञ संबंधित जगह पहुंच जाते हैं।

  • केस एक

खेत पर काम कर रही महिला को सांप ने काटा
बहेड़ी थाना क्षेत्र के गांव जाटवपुरा फरीदपुर की निवासी 62 वर्ष राम कली पत्नी बाबू राम 18 जुलाई की शाम अपने खेत पर काम कर रही थी। तभी अचानक सांप ने काट लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।

  • केस दो

भाई बहन को सांप ने काटा, भाई की मौत
सीबीगंज क्षेत्र के बंडिया गांव में शनिवार की रात 12 साल का राहुल और 17 साल की उसकी बहन अंजू घर में जमीन पर सो रही थी। इसी बीच सांप मकान में घुस आया और दोनों को काट लिया। राजू की मौत हो गई। उसकी बहन की हालत गंभीर बनी हुई है।

  • केस तीन

किसान को सांप ने काटा
सिरौली क्षेत्र के गुलरिया गांव निवासी 23 वर्षीय भोग राज पुत्र रूप चंद में 15 जुलाई को खेत पर धान की पौध लगा रहा था। तभी सांप ने काट लिया। हालत बिगड़ने पर निजी डॉक्टर से दवा ले ली थी लेकिन उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।

  • केस चार

घर में सो रही महिला को सांप ने काटा
थाना सुभाष नगर क्षेत्र की करेली की निवासी 45 वर्षीय सत्यवती पत्नी राम रामनिवास 4 जुलाई की रात घर में सो रही थी तभी जहरीले सांप ने काट लिया था। हालत बिगड़ने पर परिवार के लोगों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां हालत में सुधार होने के बाद उसे अस्पताल से घर भेज दिया गया।

डीएफओ भरत लाल ने बताया कि बरेली में वन विभाग के पास सांप पकड़ने की कोई एक्सपर्ट टीम नहीं है। बाहर से एक्सपर्ट बुलाकर उनकी मदद ली जाती है। आईवीआरआई के एक विशेषज्ञ हैं राम बहादुर। जिनकी जरूरत पड़ने पर मदद ली जाती है।

डीआरएम कार्यालय के बाहर वन विभाग की टीम ने पकड़ा कोबरा सांप

डीआरएम कार्यालय के पास निकला कोबरा, दहशत
सोमवार को डीआरएम दफ्तर के पास एक सांप लोगों ने देखा। जिसके बाद आसपास के लोगों ने फोन करके वन विभाग को सांप होने की जानकारी दी। मौके पर सर्प मित्र दो लोगों के साथ पहुंचे और रेस्क्यू कर सांप को पकड़ लिया। सांप पकड़ने वाली टीम में नाम, जोगपाल सिंह, नासिर अली खान, रामबहादुर शामिल थे। सदर रेंजर वैभव चौधरी ने बताया कि कोबरा सांप था। उसकी लंबाई करीब तीन मीटर थी। उसे जंगल मे छोड़ दिया है।

सर्प दंश से मौत पर मिलेगा चार लाख का मुआवजा
योगी सरकार ने प्रदेश में सांप काटने से होने वाली मौतों को राज्य आपदा घोषित कर दिया है। अब सांप के काटने से अगर किसी की मृत्यु होती है तो वह सरकारी मुआवजे का हकदार होगा। शासन ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। जिसके मुताबिक सर्पदंश के मृतक के परिवार को सरकार की ओर से चार लाख रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी। आदेश के मुताबिक सर्पदंश के मृतक के आश्रितों को आर्थिक सहायता के लिए विभागों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगें। घटना के सात दिनों के भीतर उन्हें तय सरकारी मुआवजे की राशि दे दी जाएगी।

संबंधित समाचार