बरेली: सर्पदंश पर तुरंत पहुंचे अस्पताल वरना डस लेगी लापरवाही
बरेली, अमृत विचार। सर्पदंश के मरीज के लिए जिला अस्पताल में इलाज संभव है। यहां एंटी स्नैक वेनम उपलब्ध है। अप्रैल से जुलाई करीब 50 लोग सर्पदंश का शिकार हुए थे। इनमें से पांच लोगों की मौत इलाज में देरी होने के कारण हो गई। अन्य सभी को एंटी स्नैक वेनम लगायी गयी। इससे उनकी …
बरेली, अमृत विचार। सर्पदंश के मरीज के लिए जिला अस्पताल में इलाज संभव है। यहां एंटी स्नैक वेनम उपलब्ध है। अप्रैल से जुलाई करीब 50 लोग सर्पदंश का शिकार हुए थे। इनमें से पांच लोगों की मौत इलाज में देरी होने के कारण हो गई। अन्य सभी को एंटी स्नैक वेनम लगायी गयी। इससे उनकी जान बच गयी। सभी सीएचसी व पीएचसी और अर्बन केद्रों पर भी एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध है। वर्तमान में प्रति केंद्र पर 20 से अधिक वायल मौजूद हैं।

जिला अस्पताल में 50 वायल उपलब्ध हैं। जिला अस्पताल के इमरजेंसी में तैनात डा. हरीश चंद्रा ने बताया कि महीने में एक-दो ही सर्पदंश के मरीज आते हैं। बीते अप्रैल से जुलाई तक 30 लोगों को एंटी स्नेक वेनम लगाई गई। उन्होंने बताया कि ऐसे दर्जनों गांव हैं, जहां सर्पदंश के बाद लोग झाड़-फूंक पर ज्यादा भरोसा करते हैं। चिकित्सीय व्यवस्था की याद उन्हें तब आती है जब पीड़ित की तबीयत लगातार बिगड़ने लगती है।
इंजेक्शन देने से पहले करते हैं मरीज का टेस्ट
जिला अस्पताल के फिजिशियन डा. राहुल बाजपेई ने बताया कि सर्पदंश के केस में इंजेक्शन देने से पहले यह टेस्ट किया जाता है कि सांप ने कैसे डसा। कई बार ऐसा होता है कि एंटी स्नेक वेनम लगाने के बाद मरीज की स्थिति बिगड़ने लगती है। इसलिए टेस्ट करने के बाद ही मरीज को जरूरत के हिसाब से इंजेक्शन लगाया जाता है। औसतन तीन से पांच डोज में मरीज ठीक हो जाता है, लेकिन किसी-किसी मामले में 10 से 20 डोज तक भी देने पड़ जाते हैं।

उन्होंने बताया कि सांपों के दांतों में विष नहीं होता। ऊपर के छेदक दातों में विष ग्रंथि होती है। ये दांत कुछ मुड़े होते हैं। सांप के दांत जब धंसते हैं, तब उन्हें निकालने के प्रयास में सांप अपनी गर्दन ऊपर कर झटके से खींचता है। उस दौरान विष निकल कर काटे हुए स्थान तक पहुंच जाता है। सांप के काटने के बाद मरीज को तत्काल अस्पताल पहुंचकर इंजेक्शन लेना चाहिए।
एंटी स्नेक वेनम की बाजार में 500 रुपये कीमत
एंटी स्नेक वेनम की बाजार में 500 रुपये कीमत है। ऐसे में यदि एक मरीज को 10 डोज की जरूरत पड़ी तो उसके 10 हजार रुपये खर्च हो जाएंगे। एक सामान्य परिवार के लिए यह बड़ी रकम है।

एडीएसआईसी डा. सुबोध शर्मा ने बताया कि जनपद में एंटी स्नेक वेनम की कोई कमी नहीं है। जिला अस्पताल में 50 वायल तक यह उपलब्ध है। अभी सांप काटने के मामले कम संख्या में आ रहे हैं। सांप काटने के बाद मरीज तत्काल अस्पताल पहुंच जाए तो उसकी जान बचायी जा सकती है।
