लखीमपुर खीरी: उफनाई मोहाना नदी का पानी नया पिंड गांव में घुसा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। तीन दिनों से लगातार जारी बरसात से जिले की नदियां उफान पर हैं। मंगलवार को उफनाई मोहाना नदी का पानी तिकुनियां क्षेत्र के गांव नया पिंड में घुस गया। इससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने छतों सहित अन्य ऊंचे स्थानों पर शरण ली है। जिले में लगातार हो रही …

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। तीन दिनों से लगातार जारी बरसात से जिले की नदियां उफान पर हैं। मंगलवार को उफनाई मोहाना नदी का पानी तिकुनियां क्षेत्र के गांव नया पिंड में घुस गया। इससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने छतों सहित अन्य ऊंचे स्थानों पर शरण ली है।

जिले में लगातार हो रही बारिश से भारत नेपाल सीमा पर बह रही मोहाना नदी के साथ ही शारदा और घाघरा नदी उफान पर हैं। शारदा नदी ने पलिया, निघासन, फूलबेहड़ के गांवों को अपनी चपेट मे लिया है। कई गावों में पानी भरा हुआ है। वही घाघरा नदी धौरहरा क्षेत्र में तबाही मचा रही है।

उधर भारत नेपाल सीमा पर बह रही मोहाना नदी के तेवर भी काफी तल्ख हो गए हैं। उफनाई मोहाना नदी का पानी ग्राम पंचायत खैरटिया के गांव नया पिंड में घुस गया है। खेत, खलिहान और गांव डूबने लगे हैं। चारों तरफ पानी का सैलाब भरा हुआ है। ग्रामीण छतों, सड़को और ऊंचे स्थानों पर शरण लिए हैं। प्रशासन उन्हें अभी तक कोई सहायता उपलब्ध नहीं करा सके है।

तहसीलदार निघासन डॉ धर्मेंद्र पाण्डेय ने मंगलवार को बाढ़ प्रभावित गांव का दौरा किया और हालात जाने। तहसीलदार ने बताया कि जल्द ही बाढ़ व कटान पीड़ितों को सरकारी मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

संबंधित समाचार