लखीमपुर-खीरी: कई गांवों को समेटने की तैयारी में शारदा का उफान
खमरिया-खीरी/लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। तराई इलाके में हो रही लगातार बरसात से शारदा व घाघरा नदियां उफान पर हैं। घाघरा मिश्रगांव की तरफ कटान कर रही है वहीं शारदा नदी में जलस्तर बढ़ने से ईसानगर क्षेत्र के खनवापुर व लखपेड़ा गांव चपेट में आ गए हैं और कटान भी शुरू हो गया है। गुरुवार शाम तक …
खमरिया-खीरी/लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। तराई इलाके में हो रही लगातार बरसात से शारदा व घाघरा नदियां उफान पर हैं। घाघरा मिश्रगांव की तरफ कटान कर रही है वहीं शारदा नदी में जलस्तर बढ़ने से ईसानगर क्षेत्र के खनवापुर व लखपेड़ा गांव चपेट में आ गए हैं और कटान भी शुरू हो गया है। गुरुवार शाम तक लखपेड़ा व खनवापुर में शारदा नदी ने दर्जनों बीघा जमीन को अपने आगोश में लेकर गांव की तरफ रुख कर दिया है। ग्रामीणों में खलबली मची हुई है।
लगातार हो रही बरसात के चलते उफनाई शारदा नदी का पानी लखपेड़ा व खनवापुर के दर्जनों घरों में घुस गया जिसके चलते ग्रामीणों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। दोनों गांवों के निवासियों की पड़ोसी जनपद सीतापुर के बॉर्डर पार दर्जनों बीघा फसलें शारदा ने अपने आगोश में ले लिया। ग्रामीण सुरक्षित स्थानों पर जाने लगे हैं।

तहसीलदार धौरहरा अनिल कुमार यादव ने बताया कि नदी के बढ़ते जलस्तर की जानकारी है। लेखपाल को तत्काल भेजकर नजर रखने के लिए कहा गया है। जिन किसानों की जमीनें कट रही हैं या कटने की स्थिति में हैं उस पर भी नजर रखी जा रही है। जमीनों का सर्वें करवाकर सरकारी मदद दिलवाने का काम जारी है।
ईसानगर क्षेत्र में लगातार हो रही बरसात के दौरान आधा दर्जन घर गिर गए। ईसानगर कस्बे के कल्लू शुक्ला के घर का छप्पर गिर गया। वहीं सुजवालपुर में राकेश के घर का छप्पर, साथ ही बेलागड़ी में चार लोगों के घर गिरने की जानकारी हुई। इसके साथ साथ ईसानगर क्षेत्र के इमलिया निवासी उत्तम तिवारी पुत्र द्वारिका तिवारी का घर बरसात के दौरान गिर गया जिसमें उत्तम तिवारी को मामूली चोटें भी आई है। हल्का लेखपाल मौके पर जाकर जांच शुरू कर दी है।
