बरेली: परीक्षा में उमड़ी छात्रों की भीड़, 1369 छात्रों ने छोड़ी परीक्षा
बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय (रुविवि) ḥकी मुख्य परीक्षाओं में गुरुवार को 42 हजार से अधिक छात्रों ने परीक्षा दी। बरेली कॉलेज में एक ही दिन में करीब 10 हजार छात्र शामिल हुए जिसकी वजह से तीनों पालियों में परीक्षा शुरू होने और समाप्त होने के बाद काफी संख्या में भीड़ जुट गई। कोविड …
बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय (रुविवि) ḥकी मुख्य परीक्षाओं में गुरुवार को 42 हजार से अधिक छात्रों ने परीक्षा दी। बरेली कॉलेज में एक ही दिन में करीब 10 हजार छात्र शामिल हुए जिसकी वजह से तीनों पालियों में परीक्षा शुरू होने और समाप्त होने के बाद काफी संख्या में भीड़ जुट गई। कोविड नियमों का भी पालन नहीं हो सका। बारिश की वजह से भी छात्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में परेशानी हुई। यही नहीं नोटिस बोर्ड पर लिखी कक्ष संख्या बारिश की वजह से धुल जाने से भी छात्रों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। तीनों पालियों में कुल 1369 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी। हालांकि कोई भी नकलची नहीं पकड़ा गया और महाविद्यालयों से डाटा भी ठीक भेजा गया।
गुरुवार को प्रथम पाली में एमए अंतिम वर्ष के छात्रों की समाजशास्त्र, एमकॉम फाइनेंशियल मैनेजमेंट और एमए इकॉनिमिक्स की परीक्षा थी। परीक्षा में 16562 रुपये परीक्षार्थी शामिल हुए। दूसरी पाली में बीए द्वितीय वर्ष के छात्रों की शिक्षा, मनोविज्ञान और दर्शनशास्त्र की परीक्षा हुई, जिसमें 15540 छात्र शामिल हुए। इसी तरह से तृतीय पाली में भी बीए अंतिम वर्ष के छात्रों की शिक्षा, मनोविज्ञान और दर्शनशास्त्र की परीक्षा हुई। परीक्षा में 10025 छात्र बैठे।
बरेली समेत नौ जिलों में रुविवि से संबद्ध 312 परीक्षा केंद्रों पर 419 महाविद्यालयों की परीक्षाएं हो रही हैं। बरेली जिले में सबसे ज्यादा छात्र बरेली कॉलेज में ही परीक्षा दे रहे हैं। गुरुवार को बरेली कॉलेज में पहली पाली में 2966, द्वितीय पाली में 3953 और तृतीय पाली में 2663 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। कुल परीक्षार्थियों की संख्या 9582 रही। हजारों की संख्या में छात्रों के परीक्षा देने पहुंचने की वजह से कई तरह की समस्याएं सामने आ रही हैं।
- 42127 परीक्षार्थी गुरुवार को तीनों पाली में परीक्षा में शामिल हुए
- 1369 परीक्षार्थियों ने छोड़ी परीक्षा, जिसमें 661 छात्र और 708 छात्राएं शामिल
- 9582 छात्र बरेली कॉलेज में तीनों पालियों में हुए शामिल
नोटिस बोर्ड देखने में परेशानी
बरेली कॉलेज में हजारों की संख्या में छात्र परीक्षा देने पहुंच रहे हैं लेकिन छात्रों को परीक्षा कक्ष तक पहुंचने में काफी परेशानी हो रही है। कॉलेज में स्वकेंद्र के साथ अन्य महाविद्यालयों के भी केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा संस्थागत छात्रों के साथ व्यक्तिगत छात्र भी परीक्षा दे रहे हैं जो महाविद्यालय परिसर के बारे में जानकारी नहीं रखते हैं। जब वह परीक्षा केंद्र पर पहुंचते हैं तो अपने कक्ष का पता करने के लिए नोटिस बोर्ड देखते हैं। दोनों द्वार पर नोटिस बोर्ड लगे हैं लेकिन छात्रों की संख्या अधिक होने पर वह बोर्ड नहीं देख पाते हैं। इसकी वजह से उन्हें कक्ष के लिए भटकना पड़ता है। वह शिक्षकों से पूछते हैं तो कई शिक्षकों को भी सही जानकारी नहीं होती है। बारिश की वजह से नोटिस बोर्ड पर लिखा भी धुल जा रहा है। इस संबंध में चीफ प्रॉक्टर वंदना शर्मा का कहना है कि मुख्य नोटिस बोर्ड पर छात्रों के ब्लॉक लिखे होते हैं। उसके बाद ब्लॉक के नोटिस बोर्ड पर कक्ष संख्या लिखी जा रही है। बारिश की वजह से नोटिस बोर्ड पर लिखित पेपर चस्पा किए जा रहे हैं।
छत टपकने की वजह से बदला कक्ष
बरेली कॉलेज में छात्रों को बारिश में छत टपकने की वजह से परेशान होना पड़ा। छात्रों की परीक्षा बॉटनी लेक्चर थियेटर में आयोजित की जा रही थी जब इसकी छत टपकना शुरू हुआ तो छात्रों को कक्ष संख्या 130 में बैठाया गया। इसको लेकर कॉलेज प्रशासन का कहना है कि छात्रों की कॉपी खराब न हो, इसलिए कक्ष को बदला गया था।
बाहर लगा भयंकर जाम
हजारों छात्रों की परीक्षा छूटने के बाद कॉलेज के बाहर जाम लग गया। सबसे ज्यादा दिक्कत पश्चिमी गेट पर हुई। क्योंकि यहां पर पहले से ही यातायात का दबाव रहता है। परीक्षा छूटने के दौरान छात्र अपने वाहनों से बाहर निकलते हैं। इसके अलावा ऑटो वाले भी गेट पर खड़े होकर रास्ता जाम कर देते हैं। इसकी वजह से छात्र घंटों परेशान होते हैं।
