बरेली: पानी की टंकी में फाल्ट आने से 10 हजार घरों में आपूर्ति ठप
बरेली, अमृत विचार। राजेंद्र नगर में बांके बिहारी मंदिर के पीछे फतेह बगिया स्थित पानी की टंकी में खराबी आ गई है। इसके कारण उससे जुड़े करीब 10 हजार घरों में पेयजल आपूर्ति का संकट शुरू हो गया है। सूचना मिलते ही जलकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और फाल्ट को ठीक कराने का …
बरेली, अमृत विचार। राजेंद्र नगर में बांके बिहारी मंदिर के पीछे फतेह बगिया स्थित पानी की टंकी में खराबी आ गई है। इसके कारण उससे जुड़े करीब 10 हजार घरों में पेयजल आपूर्ति का संकट शुरू हो गया है। सूचना मिलते ही जलकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और फाल्ट को ठीक कराने का काम शुरू कराया। अधिकारियों का दावा है कि शुक्रवार की शाम तक फिर से आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी।
फतेह बगिया में पानी की टंकी से वार्ड 23 इंदिरा नगर व राजेंद्र नगर, वार्ड 50 जनकपुरी, वार्ड 67 आवास विकास कॉलोनी में करीब दस हजार घरों में पानी की आपूर्ति की जाती है। गुरुवार को इस टंकी में तकनीकी खराबी आने से इन इलाकों में सप्लाई ठप हो गई है। इसके कारण हजारों घरों में पानी का संकट शुरू हो गया है। लोगों को पड़ोसियों के घर से सबमर्सिबल और सरकारी नलकूपों से पानी भरना पड़ रहा है।
लोगों की शिकायत के बाद पार्षद सतीश चंद्र सक्सेना ने जलकल विभाग के अधिकारियों तक इसकी सूचना पहुंचा दी है। इसके साथ ही जलकल विभाग की टीम ने खराबी को दुरुस्त करने का काम भी शुरू करा दिया है। अधिकारियों का दावा है कि इस फाल्ट को शुक्रवार की शाम तक ठीक करने के साथ ही दोबारा पानी की आपूर्ति को बहाल किया जा सकेगा। वहीं बड़ी संख्या में लोगों ने पानी के संकट की संभावना को देखते हुए घरों में पानी स्टोर करना शुरू कर दिया है। पार्षद का कहना है कि वह जलकल विभाग के स्टाफ के संपर्क में है। समस्या का जल्द ही निस्तारण करा लिया जाएगा।
जलकल विभाग महाप्रबंधक, राजेश कुमार यादव ने बताया कि पानी टंकी में खराबी की जानकारी मिलने के बाद मौके पर टीम को फाल्ट ठीक कराने के लिए भेजा गया है। शुक्रवार को समस्या का निदान होने के साथ ही पानी की आपूर्ति को दोबारा बहाल किया जा सकेगा।
