मुरादाबाद: टोक्यो ओलंपिक में खिलाड़ी भरेंगे गोल्ड से देश की झोली, बेहतर प्रदर्शन के लिए खिलाड़ी कर रहे दुआ
मुरादाबाद,अमृत विचार। टोक्यो ओलंपिक का शुक्रवार से आगाज होगा। जिसमें भारतीय खिलाड़ी कोरोना चुनौतियों के बीच इतिहास रचने को तैयार हैं। भारतीय खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए स्थानीय खिलाड़ी भी तैयार हैं। खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन के लिए दुआएं की जा रही हैं। इसके साथ ही जिला ओलंपिक संघ और रेलवे भी भारतीय खिलाड़ियों …
मुरादाबाद,अमृत विचार। टोक्यो ओलंपिक का शुक्रवार से आगाज होगा। जिसमें भारतीय खिलाड़ी कोरोना चुनौतियों के बीच इतिहास रचने को तैयार हैं। भारतीय खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए स्थानीय खिलाड़ी भी तैयार हैं। खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन के लिए दुआएं की जा रही हैं। इसके साथ ही जिला ओलंपिक संघ और रेलवे भी भारतीय खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के लिए तैयार हैं।
कोरोना महामारी के बीच हो रहे ओलंपिक में उल्लास, उमंग और दर्शकों की जगह आशंकाओं ने भले ही ले ली हो, लेकिन आशा की किरण माने जा रहे खेलों के इस महासमर में भारतीय दल सफलता का नया इतिहास रच सकता है। संक्रमण के कारण एक साल देर से हो रहे खेलों की शुरुआत के समय भी दुनिया से इस जानलेवा वायरस का साया हटा नहीं है।
दुनिया के सबसे घनी आबादी वाले शहरों में से एक टोक्यो हजारों खिलाड़ियों, सहयोगी स्टाफ और अधिकारियों की मेजबानी कर रहा है। अजीब से माहौल में हो रहे इन खेलों में न तो दर्शक होंगे और न ही वह उत्साह, जो ओलंपिक की भावना का परिचायक है। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति पूरी कोशिश कर रही है कि इन खेलों को उम्मीद के रूप में देखते हुए सिर्फ सकारात्मक पहलू पर ही केंद्रित किया जाए।
यह संकट से निपटने और उसका सामना करने का एक नुस्खा है। खेलों के बाद उम्मीद का यह संदेश आत्मविश्वास के पैगाम में बदल जाएगा। शुक्रवार को उद्घाटन समारोह के साथ 8 अगस्त तक चलने वाले खेलों के इस महाकुंभ की शुरुआत हो जाएगी।
भारत के नाम महज 28 पदक
एक साल की देरी से हो रहे टोक्यो ओलपिंक में भारतीय खिलाड़ी सोने से भारत की झोली भरने को तैयार हैं, लेकिन पिछले आंकड़ों के अनुसार भारत की बात करें तो देश के नाम ओलंपिक के महज 28 पदक हैं। भारत ने 1900 में पहली बार ओलंपिक में भाग लिया और अब तक व्यक्तिगत वर्ग में सिर्फ अभिनव बिंद्रा ही पीला तमगा हासिल कर सके हैं, जो उन्होंने 2008 बीजिंगओलंपिक में सटीक निशाना लगाकर जीता था, लेकिन इस बार एथलेटिक्स, मुक्केबाजी, निशानेबाजी, हॉकी सहित अन्य खेलों में भारतीय खिलाड़ी इतिहास रच सकते हैं।
रेलवे व जिला ओलंपिक संघ तैयार
टोक्यो ओलंपिक के लिए भारतीय रेलवे के साथ ही जिला ओलंपिक संघ तैयार है। रेलवे की ओर से जहां रेलवे स्टेडियम व प्लेटफार्म पर भारतीय खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया जा रहा है। वहीं जिला ओलंपिक संघ भी भारतीय खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई के लिए तैयार है। उत्तर रेलवे की ओर से मुरादाबाद, बरेली, हरिद्वार, देहरादून, योगनगरी ऋषिकेश आदि स्टेशनों के अलावा जहां भी स्टेडियम हैं, वहां फ्लैक्स लगवा दिए गए हैं। इनके लगाने का उद्देश्य लोगों को जागरूक करना है, ताकि वे खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक प्रयास कर सकें।
जिला क्रीडा अधिकारी अनिमेष सक्सेना ने कहां कि टोक्यो ओलंपिक में भले ही इस बार कोरोना के कारण कई चुनौतियां हैं, लेकिन भारतीय खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करेंगे। उम्मीद है कि इस बार गोल्ड मेडल से भारतीय खिलाड़ी भारत की झोली भरेंगे।,
जिला ओलंपिक संघ भारतीय खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के लिए तैयार है। टोक्यो में संघ के पदाधिकारियों से लगातार संपर्क रखा जाएगा। भारतीय खिलाड़ियों को ओलंपिक संघ की ओर से बधाई। -अजय विक्रम पाठक, सचिव, जिला ओलंपिक संघ
एक माह पहले से ही रेलवे की ओर से टोक्यो ओलंपिक को लेकर खिलाड़ियों को जागरुक करना शुरू कर दिया गया था। स्टेडियम के साथ ही प्लेटफार्म पर फ्लैक्स लगाकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया जा रहा है। – राजेन्द्र शर्मा, सचिव, स्पोर्टस रेलवे
टोक्यो ओलंपिक में प्रतिभाग करने वाले सभी भारतीय खिलाड़ियों को शुभकामनाएं। खेल में हार-जीत चलती रहती है, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों को इससे निराश नहीं होना है। उम्मीद है कि खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करेंगे।- मेघना सिंह, अंतराष्ट्रीय खिलाड़ी
एथलेटिक्स में भारतीय टीम अन्य टीमों पर हावी रहेगी। यदि एथलेटिक्स में भारतीय खिलाड़ी मेडल जीतते हैं तो यह इतिहास होगा। हमें उम्मीद है कि भारतीय खिलाड़ी भारत का नाम टोक्यों में रोशन करेंगे।- सरिता सिंह, अंतराष्ट्रीय खिलाड़ी
टोक्यो ओलंपिक में खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई के लिए कोरोना के कारण दर्शक नहीं होंगे। ऐसे में खिलाड़ियों को स्वयं अपना मनोबल बढ़ाकर बेहतर प्रदर्शन कर भारत के लिए गोल्ड जीतना है। – रोमित सिंह, राष्ट्रीय खिलाड़ी
टोक्यो ओलंपिक में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन देखने के लिए बहुत उत्साहित हूं। इस बार खिलाड़ी भारत के लिए अधिक से अधिक पदक जीतेंगे ऐसी उम्मीद है। – शिवानी शर्मा, राष्ट्रीय खिलाड़ी
बहुत खुशी की बात है कि टोक्यो ओलंपिक में भारतीय खिलाड़ियों के हाथ में ध्वज पताका होगी और अंतराष्ट्रीय मुक्केबाज मैरीकॉम सहित अन्य खिलाड़ी टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। सभी खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करेंगे ऐसी भगवान से दुआ है। – आंशी रस्तोगी, राष्ट्रीय खिलाड़ी
