बदायूं: चोरी की आठ मोटरसाइकिल के साथ आठ गिरफ्तार
सहसवान/बदायूं, अमृत विचार। कोतवाली सहसवान पुलिस ने मोटरसाइकिल चुराने और चोरी की मोटरसाइकिल खरीदने वाले गिरोह को पकड़ा है। आठ लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की आठ मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। गिरोह के लोग आधा दर्जन से ज्यादा जिलों से दो पहिया वाहनों को चोरी करके बदायूं जिले की सीमा पर …
सहसवान/बदायूं, अमृत विचार। कोतवाली सहसवान पुलिस ने मोटरसाइकिल चुराने और चोरी की मोटरसाइकिल खरीदने वाले गिरोह को पकड़ा है। आठ लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की आठ मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। गिरोह के लोग आधा दर्जन से ज्यादा जिलों से दो पहिया वाहनों को चोरी करके बदायूं जिले की सीमा पर लाकर बेचते थे।
गुरुवार को शाहबाजपुर चौकी पर तैनात उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह पुलिसकर्मियों के साथ वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच तीन मोटरसाइकिल पर तीन लोग जिला अलीगढ़ के गांव मुकीमपुर पाली निवासी अजय पुत्र राजेंद्र, जोगेंद्र पुत्र अमर सिंह और राजन पुत्र अभय राम बबराला के बदायूं की ओर तेज गति से आ रहे थे। पुलिस को देखकर बाइक को भगाने का प्रयास किया लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें पकड़ लिया।
युवक मोटरसाइकिल के कागज नहीं दिखा सके। शक होने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो युवकों ने कबूल किया कि वह चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के उद्देश्य से बदायूं मार्ग पर फौजी ढाबा के पास मौजूद ग्राहकों के पास जा रहे थे। पुलिस ने फौजी ढाबे को दोनों ओर से घेर लिया।
जहां छिपे हुए गांव आलमपुर निवासी लाला पुत्र सुखीराम, रामेश्वर उर्फ विनोद पुत्र चंद्रपाल और सहसवान के मोहल्ला शाहबाजपुर निवासी बिलाल पुत्र मोहम्मद उमर, सुखराम पुत्र माखन लाल, फैज उर्फ फैजू पुत्र अलवर को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया। ढाबे पर मौजूद पांचों लोगों के पास से पांच मोटरसाइकिल बरामद कीं। पुलिस ने आठों लोगों के पास से आठ मोटरसाइकिल बरामद कीं।
कोतवाली प्रभारी पंकज लवानिया ने बताया कि चेकिंग के दौरान कागज न दिखाने पर मोटरसाइकिल चोरी का शक हुआ। पूरी पड़ताल की गई तो गिरोह सामने आया। आठ लोगों के पास से चोरी की आठ मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। आरोपियों को जेल भेजा गया है। आरोपियों ने बताया कि वह नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर, मेरठ, कासगंज, अलीगढ़, संभल आदि से मोटरसाइकिल चुराकर बदायूं जिले में बेचते थे। आरोपियों को गिरफ्तार करने वावली पुलिस टीम में रिंकेश कुमार, राहुल कश्यप, ओमवीर, प्रांशु, सत्येंद्र कुमार, किशन चौधरी, संचित शर्मा रहे।
