मुरादाबाद : सरकार के सवा 15 करोड़ दबाए बैठे हैं यातायात नियम तोड़ने वाले
मुरादाबाद, अमृत विचार। सुनने व पढ़ने में अजीब जरूर लगेगा पर यह सोलह आने सच है कि यातायात नियम तोड़ने वाले तमाम लोग सरकार के सवा 15 करोड़ रुपये दबाए बैठे हैं। सड़क सुरक्षा नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले सवा लाख से अधिक लोगों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई भी की। इन लोगों के …
मुरादाबाद, अमृत विचार। सुनने व पढ़ने में अजीब जरूर लगेगा पर यह सोलह आने सच है कि यातायात नियम तोड़ने वाले तमाम लोग सरकार के सवा 15 करोड़ रुपये दबाए बैठे हैं। सड़क सुरक्षा नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले सवा लाख से अधिक लोगों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई भी की। इन लोगों के ई चालान किए गए। इसके बावजूद इन्होंने चालान जमा करने में कोई रुचि नहीं दिखाई। इस पर यातायात पुलिस को इन्हें नोटिस भी जारी करने पड़े। उसके बावजूद उनके द्वारा भुगतान नहीं किया जा रहा है।
जनपद में 27 फरवरी 2019 से ई-चालान की व्यवस्था लागू की गई थी। इसके तहत वाहन का फोटो खींच कर स्वामी के मोबाइल नंबर पर चालान का मैसेज भेजा जाता है। तमाम लोगों ने तो समय से चालान जमा करा दिए। लेकिन, ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले ऐसे लोगों की संख्या भी काफी ज्यादा है, जिन्होंने चालान जमा ही नहीं किए।
यातायात पुलिस ने ऐसे लोगों की तस्दीक करनी शुरू की तो पता चला कि किसी का मोबाइल नंबर गलत है तो किसी के पते की तस्दीक नहीं हो पा रही है। इनके पतों पर नोटिस भी भेजे गए। लेकिन नाम-पता वैरिफाई नहीं हो सका। इस कारण नोटिस वापस आ गए। अब ट्रैफिक पुलिस ऐसे लोगों से जुर्माना वसूलने की तैयारी में जुटी है।
इसके लिए उन पर रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। 30 जून तक ट्रैफिक पुलिस ने यातायात के नियमों को धता बताने वाले दो लाख 70 हजार 353 लोगों के चालान किए। इनमें से एक लाख 35 हजार 548 ने जुर्माने की राशि जमा नहीं की है। इस प्रकार ऐसे लोगों पर करीबन 15 करोड़ 25 लाख 81 हजार 200 रुपये की धनराशि बकाया है।
30 जून तक किए गए ई-चालान व बकाया धनराशि
कुल चालान 2,70,353
पेंडिंग चालान 1,35,548
बकाया जुर्माना 15,25,81,200
एसपी ट्रैफिक अशोक कुमार ने बताया कि ई-चालान के जुर्माने की धनराशि जमा न करने वालों को नोटिस भेजे गए थे। नाम-पते का वैरीफिकेशन नहीं होने के कारण तमाम नोटिस वापस आ गए। अब ऐसे लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है।
