मुरादाबाद: धोखाधड़ी कर करोड़ों की जमीन पर किया कब्जा, एफआईआर
मुरादाबाद,अमृत विचार। धोखाधड़ी करके दो लोगों ने ग्रामीण की करोड़ों रुपये की जमीन पर कब्जा कर लिया। पीड़ित ने शिकायत की। लेकिन, आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई। मुख्यमंत्री से भी शिकायत की गई। पीड़ित को मामले की पता तब चला, जब वह पीएम किसान सम्मान निधि के तहत भेजी गई धनराशि के बारे में पता …
मुरादाबाद,अमृत विचार। धोखाधड़ी करके दो लोगों ने ग्रामीण की करोड़ों रुपये की जमीन पर कब्जा कर लिया। पीड़ित ने शिकायत की। लेकिन, आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई। मुख्यमंत्री से भी शिकायत की गई। पीड़ित को मामले की पता तब चला, जब वह पीएम किसान सम्मान निधि के तहत भेजी गई धनराशि के बारे में पता करने तहसील गया। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित की तहरीर पर कटघर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
मामला कटघर कोतवाली क्षेत्र के गांव ताजपुर माफी का है। यहां रहने वाले मुकेश कुमार के अनुसार उसके पिता राजपाल सिंह बीमार रहते थे। लंबे समय तक चले इलाज में काफी पैसा खर्च हो रहा था। उनके नाम आठ बीघा भूमि थी। इसमें से उन्होंने पांच बीघा भूमि बेचने की इच्छा जताई। इसके लिए उन्होंने जमीन का क्रय-विक्रय करने वाले मोहम्मद इरफान, मोहम्मद मियां उर्फ भूरा मुस्तकीम आदि से सपंर्क किया।
मोहम्मद मुस्तकीम व उसके साथी मोहम्मद मियां उर्फ भूरा इरफान ने पांच अक्टूबर 2017 को एग्रीमेंट किया कि सात महीने में पांच बीघा भूमि के पैसे दे देंगे। उनके अनुसार इन लोगों ने कहा था कि इस भूमि पर प्लॉटिंग करेंगे और कई लोग प्लाट तय करके एक साथ बैनामा करा लेंगे। आरोप है कि इन लोगों ने 20 मार्च 2018 को चार बैनामे कराए मगर उसके पिता को एक पैसा भी नहीं दिया।
पीड़ित के अनुसार अधिकारियों से शिकायत की मगर कार्रवाई नहीं हुई। तब मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजा। इसके बाद मामले को निपटाने के लिए कई बार पंचायतें भी हुईं। तब आरोपियों ने कहा कि प्लॉटिंग में मंदी आ गई है, इसलिए अब वह केवल तीन बीघा जमीन ही खरीद पाएंगे। शेष बची दो बीघा जमीन से उनका कोई वास्ता नहीं होगा। उसके अनुसार इससे पहले उसके पिता 11 बैनामे उन लोगों को निष्पादित करा चुके थे।
मोहम्मद मियां ने उसके पिता से दो बैनामे कराने को कहा। एक दिन पूर्व किए गए विक्रय पत्र को निष्पादन कराने को कहा, इस पर उसके पिता ने सहमति दे दी। एक अक्टूबर को बीमारी की हालत में भी उसके पिता कहचरी आए और दोनों बैनामे करा दिए।
नौ अप्रैल 2020 को उनका देहांत हो गया। 17 अगस्त को उसे पता चला कि आरोपियों ने धोखाधड़ी कर उसके पिता से पांच बीघा भूमि का बैनामा करा लिया है। मुकेश ने बताया कि भूमि की कीमत एक करोड़ 74 लाख 87 हजार रुपये है। यह भूमि आबादी की है। लेकिन आरोपियों ने कूटरचित तरीके से इसे कृषि भूमि में दर्ज करा लिया। इंस्पेक्टर गजेंद्र सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
