रामपुर: आंगा गांव में अफसरों के सामने दो गुटों में मारपीट व पथराव, चार लोग घायल
रामपुर/सैदनगर,अमृत विचार। अजीमनगर क्षेत्र में राशन वितरण में धांधली की शिकायत मिलने पर जांच को आए अफसरों के सामने दो गुट आपस में भिड़ गए और मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर जमकर पत्थरबाजी की। पत्थरबाजी देख मौके पर मौजूद अफसर गांव से निकल भागे। सूचना पर आई पुलिस ने …
रामपुर/सैदनगर,अमृत विचार। अजीमनगर क्षेत्र में राशन वितरण में धांधली की शिकायत मिलने पर जांच को आए अफसरों के सामने दो गुट आपस में भिड़ गए और मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर जमकर पत्थरबाजी की। पत्थरबाजी देख मौके पर मौजूद अफसर गांव से निकल भागे। सूचना पर आई पुलिस ने किसी तरह मामले को शांत कराया। पथराव में घायल चार लोगों को अस्पताल भेजा गया। दोनों पक्षों से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मामला अजीमनगर थाना क्षेत्र के आंगा गांव का है। ग्रामीणों ने कुछ दिन पहले राशन डीलर की शिकायत की थी। ग्रामीणों का आरोप था डीलर उन्हें पूरा राशन नहीं देता। विरोध करने पर उल्टा मुकदमे में फंसाने की धमकी देता है। मंगलवार दोपहर सप्लाई इंस्पेक्टर अपनी टीम के साथ जांच के लिए गांव आए। इस दौरान गांव में राशन वितरण भी हो रहा था। कुछ ग्रामीणों ने जांच टीम से राशन वितरण के दौरान कम राशन मिलने की शिकायत की।
शिकायत के दौरान डीलर पक्ष हरकेश और मेवाराम दोनों भड़क गए और मारपीट करने लगे। मामले ने तूल पकड़ा तो दोनों के समर्थक मौके पर आ गए और एक दूसरे पर पत्थरबाजी करने लगे। इस दौरान महिलाओं ने भी छतों से खूब पत्थर फेंके। मारपीट और पत्थरबाजी में दोनों गुट से मेवाराम, हरकेश समेत चार लोग घायल हो गए। मामला बिगड़ता देख जांच टीम किसी तरह मौके से भागने में कामयाब रही।
सूचना पर आई पुलिस ने मामले को शांत कराने के बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों पक्षों की ओर से मिली तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पता चला है कि जांच टीम मौके पर बिना पुलिस को लिए पहुंच गए थे। यदि पुलिस को लेकर जाते तो ऐसी घटना नहीं होती।
पथराव होने से गांव में मच गई थी भगदड़
आंगा में पथराव की घटना से भगदड़ मच गई थी। मौके पर राशन लेने के लिए महिलाएं और बच्चे भी आए थे। ऐसे में चीख पुकार मच गई। पुलिस के पहुंचने पर ही लोग शांत हो सके। सूचना तो यहां तक मिली है कि दोनों पक्षों के लोगों ने अवैध शस्त्र भी निकालकर लहराए थे।
थाना अध्यक्ष अजीमनगर रविंद्र कुमार ने बताया कि आंगा गांव में दो पक्षों में राशन वितरण की शिकायत करने को लेकर विवाद और पथराव हुआ है, जिसमें चार लोगों के चोटें आई हैं। दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। दोनों पक्षों के खिलाफ शांतिभंग करने की भी कार्रवाई की जा रही है।
-,
