बरेली: वन विभाग की जमीन पर काटे जा रहे थे पेड़, जेसीबी जब्त

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। एक तरफ जहां वन महोत्सव के जरिए पर्यावरण बचाने के लिए पौधे लगाने की मुहिम चलाई जा रही है तो दूसरी तरफ आर्थिक लाभ के लिए लोग पेड़ों को काटने से बाज नहीं आ रहे। मंगलवार को एक कालोनाइजर ने वन विभाग की जमीन पर खड़े हरे भरे पेड़ों कटवाना शुरू कर …

बरेली, अमृत विचार। एक तरफ जहां वन महोत्सव के जरिए पर्यावरण बचाने के लिए पौधे लगाने की मुहिम चलाई जा रही है तो दूसरी तरफ आर्थिक लाभ के लिए लोग पेड़ों को काटने से बाज नहीं आ रहे। मंगलवार को एक कालोनाइजर ने वन विभाग की जमीन पर खड़े हरे भरे पेड़ों कटवाना शुरू कर दिया।

ग्रामीणों ने मामले की जानकारी प्रभागीय वनाधिकारी को दी। इसके बाद वन विभाग की तरफ से पहुंचे एक वनकर्मी ने जेसीबी से पेड़ उखाड़ने का विरोध किया। आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने वन कर्मी के साथ अभद्रता कर दी। वनकर्मी के साथ अभद्रता की सूचना मिलने पर रेंजर वैभव चौधरी ने सेक्शन इंचार्ज को मौके पर भेजा जहां से एक जेसीबी को कब्जे में लिया गया है।

वन विभाग ने पूरे मामले में वन अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जेसीबी को सीज कर दिया और अब जुर्माना लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। पूरा मामला सीबीगंज स्थित जेलर बाग का है। दरअसल, इस बाग के नजदीक ही वन विभाग की जमीन पर हरे भरे पेड़ लगे हैं, जिन्हें आरोपियों ने तीन जेसीबी लगाकर काटना शुरू कर दिया और जमीन समतल की जा रही थी। वन कर्मी ओमकार ने प्रॉपर्टी डीलर के लोगों से पेड़ काटने के लिए अनुमति दिखाने को कहा।

वनकर्मी की सूचना पर सेक्शन इंचार्ज गुलशन भी मौके पर पहुंच गए लेकिन तब तक दो जेसीबी चालक लेकर फरार हो चुके थे, जबकि एक को सीबीगंज स्थित वन विभाग के कार्यालय पर लाकर खड़ा कराया गया। पूरे मामले में सतवीर सिंह बिट्टू बख्शी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

कभी हरा भरा हुआ करता था जेलर बाग
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस जगह को जेलर साहब के नाम से जाना जाता है। करीब 350 बीघा जमीन पर फैले इस बाग में एक साल पहले तक काफी प्रजातियों के पेड़ लगे थे। करीब दो हजार से अधिक पेड़ों से यह इलाका हराभरा रहता था लेकिन धीरे-धीरे पूरा जेलर बाग काट दिया गया। वन विभाग से चंद पेड़ों के काटने की अनुमति होती लेकिन अधिक संख्या में पेड़ कटवा दिए जाते। इस तरह पूरा बाग मौजूदा वक्त में साफ हो चुका है। किनारे पर कुछ पेड़ लगे हैं जो वन विभाग की जमीन पर लगे हैं। क्षेत्रीय पार्षद धर्मवीर साहू ने बताया कि वन विभाग से लेकर जिलाधिकारी तक शिकायत की है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

पेड़ काटने के आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। एक व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है और अब जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जाएगी। पूर्व में यहां बाग होने बात मेरे संज्ञान में नहीं। – भारत लाल, प्रभागीय वनाधिकारी

बरेली: वन विभाग का लालच निगल गया मयूर वन की खूबसूरती

संबंधित समाचार