बाराबंकी सड़क हादसा: घायल मजदूर ने बयां की दिल दहला देने वाली दांस्ता
बाराबंकी। यूपी के बाराबंकी जिले में बीती रात को उस वक्त हड़कंप मच गया जब हरियाणा के अम्बाला से धान रोपाई कर बिहार लौट रहे मजदूरों की खराब बस को रामसनेही थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 …
बाराबंकी। यूपी के बाराबंकी जिले में बीती रात को उस वक्त हड़कंप मच गया जब हरियाणा के अम्बाला से धान रोपाई कर बिहार लौट रहे मजदूरों की खराब बस को रामसनेही थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य घायल है, जिनमें से 9 की हालत गंभीर बनी हुई है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को इलाज के लिए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। हादसे का शिकार हुई बस में 107 से ज्यादा यात्री मौजूद थे।
इस हादसे में घायल एक मजदूर ने बताया कि वे और उनके सभी साथी हरियाणा से धान रोपाई कर अपने-अपने घर लौट रहे थे। बस में करीब 107 लोग सवार थे, क्योंकि अंबाला में दूसरी बस ख़राब होने की वजह से उसकी सवारी को भी इसी बस में चढ़ा दिया गया था। उन्होंने बताया कि बस का बेलन टूट गया, जिसके बाद ड्राइवर ने बस सड़क किनारे खड़ी कर दी। वे और उनके साथी ख़राब बस से करीब 10 मीटर दूर जाकर सड़क पर बैठ गए।
रात होने की वजह से कुछ वहीं सो गए और कुछ जगे रहे। तभी ट्रक ने बस को पीछे से टक्कर मार दी। इसके बाद बस उन्हें रौंदते हुए आगे बढ़ी। घायल मजदूर ने बताया कि हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। सड़क पर चरों तरफ खून ही खून फैला था। मजदूर ने बताया कि इस हादसे में इनके साथ आए छह मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि कुछ अन्य घायल हैं।
