यूपी: कांग्रेस ने साधा निशाना, कहा- दमन का रास्ता अपना रही है योगी सरकार
लखनऊ। प्रवक्ता उप्र कांग्रेस सुधांशु बाजपेयी ने एंबुलेंस कर्मचारियों की हड़ताल पर योगी सरकार घेरा। उन्होंने कहा कि उप्र में एंबुलेंसकर्मी पिछले एक हफ्ते से हड़ताल पर हैं लेकिन सरकार उनकी मांगें मानने के बजाय दमन का रास्ता अपना रही है, जो कि सरकार की तानाशाही मानसिकता को दिखाता है। 23 जुलाई से प्रदेश के …
लखनऊ। प्रवक्ता उप्र कांग्रेस सुधांशु बाजपेयी ने एंबुलेंस कर्मचारियों की हड़ताल पर योगी सरकार घेरा। उन्होंने कहा कि उप्र में एंबुलेंसकर्मी पिछले एक हफ्ते से हड़ताल पर हैं लेकिन सरकार उनकी मांगें मानने के बजाय दमन का रास्ता अपना रही है, जो कि सरकार की तानाशाही मानसिकता को दिखाता है। 23 जुलाई से प्रदेश के सभी जिलों में 102 और 108 एंबुलेंस के सभी कर्मचारी के द्वारा अपनी मांगों को लेकर हड़ताल शुरू की गई थी।
प्रारंभ में 3 दिनों तक यह हड़ताल मात्र सांकेतिक की थी लेकिन जब सरकार और शासन प्रशासन के द्वारा इसको गंभीरता से नहीं लिया गया तब विवशतावश कर्मचारियों के द्वारा जिलों में चक्का जाम किया गया। सिर्फ एंबुलेंस सेवा ही नहीं उप्र में पूरे स्वास्थ्य विभाग को ठेके पर चलाया जा रहा है, हर विभाग में कंपनियां कर्मचारियों का शोषण कर रहीं हैं, कोई उनकी सुनने वाला नहीं। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि बैकडोर से निजीकरण के चलते जनता को भी स्वास्थ्य सुविधाएं महंगी मिल रही हैं, ऊपर से उत्तम सुविधाएं भी नहीं मिल पातीं।
ठेका व्यवस्था के चलते कर्मियों और जनता दोनों का शोषण होता है। वर्तमान संकट के लिए पूरी तरह से सरकार जिम्मेदार है। सरकार हस्तक्षेप कर कर्मियों को न्याय दिलाने के बजाय कंपनी के साथ खड़ी हो गयी। ऐसे में एंबुलेंस कर्मियों के लिए न्याय की उम्मीद बेमानी हो जाती है जबकि पिछले कई महीनों से वेतन और तमाम अन्य सुविधाएं न मिलने की शिकायत कर्मी कंपनी के साथ ही सरकार से भी कर रहे थे। न कंपनी ने सुनी और न सरकार ने अंतत: विवश होकर उन्हें यह रास्ता अपनाना पड़ा।
