बदायूं: शौच को गया युवक तालाब में डूबा, मौत
दातागंज/बदायूं, अमृत विचार। थाना दातागंज क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी एक युवक तालाब किनारे शौच करने के लिए गया। जहां पैर फिसलने से वह तालाब में गिर गया और डूबकर उसकी मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। सीओ दातागंज ने मौके का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के …
दातागंज/बदायूं, अमृत विचार। थाना दातागंज क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी एक युवक तालाब किनारे शौच करने के लिए गया। जहां पैर फिसलने से वह तालाब में गिर गया और डूबकर उसकी मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। सीओ दातागंज ने मौके का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
नगर के मोहल्ला परा के वार्ड नंबर एक निवासी वेद प्रकाश (40) पुत्र बनवारी लाल गुरुवार को खेत पर धान की पौध रोपने के बाद दोपहर के समय घर लौट रहे थे। रास्ते में तालाब देखा तो शौच के लिए बैठ गए। बारिश की वजह से आस-पास बहुत फिसलन थी। शौच के समय उनका पैर फिसल गया और तालाब में जा गिरे और डूब गए।
काफी समय के बाद भी किसान घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई और परिजन उसे मोहल्ले में ढूंढने निकले। मोहल्ले के ही तालाब में वेद प्रकाश का शव तैरता हुआ मिला। मोहल्लावासियों ने शव को तालाब से निकाला। दातागंज सीओ बलदेव सिंह मौके पर पहुंच गए और जांच-पड़ताल की। मोहल्लावासियों ने सीओ को बताया कि वेद प्रकाश का परिवार बहुत ही गरीब। इस पर सीओ ने एसडीएम से बात कर युवक के परिवार को सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
