बरेली: खालसा सीमेन्ट एजेंसी पर सेल टैक्स का छापा
बरेली, अमृत विचार। मॉडल टाऊन में स्थित खालसा सीमेन्ट एजेंसी पर सेल टैक्स ने छापा मारा। छापामारी की सूचना मिलते ही उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी पूरे मामले को जानने के लिए मौके पर पहुंचे। शराब कारोबारी अजय जायसवाल के घर पर लखनऊ की ईडी की छापेमारी के अगले ही दिन शुक्रवार को वाणिज्यकर विभाग …
बरेली, अमृत विचार। मॉडल टाऊन में स्थित खालसा सीमेन्ट एजेंसी पर सेल टैक्स ने छापा मारा। छापामारी की सूचना मिलते ही उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी पूरे मामले को जानने के लिए मौके पर पहुंचे। शराब कारोबारी अजय जायसवाल के घर पर लखनऊ की ईडी की छापेमारी के अगले ही दिन शुक्रवार को वाणिज्यकर विभाग की एसआईबी टीम ने टैक्स चोरी की आंशका पर मॉडल टाउन चौकी के सामने स्थित सीमेंट कारोबारी खालसा ट्रेडर्स के यहां छापा मारा तो व्यापारियों में खलबली मच गयी। आसपास की कई दुकानों के शटर गिर गए। व्यापारी नेता भी सीमेंट कारोबारी के प्रतिष्ठान पर पहुंचे और कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया, लेकिन उनका कोई पैंतरा काम नहीं आया। करीब 10 घंटे चली जांच पड़ताल के बाद टीम रात को कई अहम दस्तावेजों को अपने साथ ले गई।
विभागीय अफसरों को सूचना मिली थी कि सीमेंट कारोबारी के रखे स्टॉक और और उसके रिटर्न में सामंजस्य नहीं बैठ रहा है।
सूचना मिलते ही ज्वाइंट कमिश्नर मधुरिमा मित्रा के निर्देशन में एसआईबी की टीम दोपहर करीब 1 बजे खालसा ट्रेडर्स पर पहुंची। दुकान में घुसते ही टीम ने गेट को बंद कर दिया। पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया। सभी के अंदर व बाहर आने जाने पर रोक लगा दी। टीम ने सबसे पहले कारोबारी के व्यवसाय से जुड़े कागजात मांगे। इसके बाद उन्होंने कारोबार में हुए लेन-देन का ब्यौरा देखा। बैंक डिटेल की जानकारी हासिल की। आय और व्यय से जुड़ी जानकारी होने पर सभी दस्तावेजों का मिलान किया।
टीम ने सीमेंट कारोबार का पूरा ब्यौरा एकत्र किया है। गड़बड़ी की आशंका पर कई महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए। करीब 10 घंटे की जांच पड़ताल के बाद टीम रात करीब 9 बजे व्यवसायी के प्रतिष्ठान से निकली, तब जाकर आसपास के कारोबारियों ने राहत की सांस ली। वाणिज्यकर विभाग के सूत्रों के अनुसार लाखों रुपये कर चोरी का मामला सामने आ सकता है। टीम कब्जे में लिए दस्तोवजों की जांच पड़ताल कर रही है। ज्वाइंट कमिश्नर के मुताबिक शासन स्तर पर हुई गोपनीय शिकायत पर सर्वे किया गया है। कब्जे में लिए दस्तावेजों की जांच पड़ताल शनिवार को भी जारी रहेगी उसके बाद ही कुछ कहना संभव है।
मकसद भय दिखाना, जांच तो सिर्फ बहाना था
सीमेंट कारोबारी के यहां छापेमारी की भनक लगते ही उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र गुप्ता, व्यापारी नेता राजेश जसौरिया, विशाल महरोत्रा, मनोहर सब्बरवाल आदि प्रतिष्ठान पहुंचे। यहां उन्होंने वाणिज्यकर अफसरों पर आरोप लगाया कि कारोबारी का सारा कारोबार नंबर एक में चल रहा है। सामान्य से सर्वे को छापेमारी की तरह दिखाकर भय का माहौल बनाने की कोशिश न की जाए। इस पर अफसरों ने कहा वह किसी तरह का भय नहीं दिखा रहे सिर्फ शिकायत के आधार पर जांच पड़ताल को पहुंचे थे। काम में किसी तरह की बाधा न डाली जाए। इसके लिए व्यापारियों की तीखी नोकझोंक भी हो गई। इधर, व्यापारी नेता राजेश जसौरिया ने भी कार्रवाई को गलत ठहराया। उन्होंने कहा पूर्व में वाणिज्यकर विभाग के अधिकारियों से व्यापार मंडल के पदाधिकारी मिले तो आश्वासन मिला था कि सर्वे के दौरान व्यापार मंडल को इसकी सूचना दी जाएगी ताकि जांच पड़ताल के दौरानं पारदर्शिता बनी रहे लेकिन ऐसा नहीं किया।
इसे भी पढ़ें…
