जोकोविच का गोल्डन स्लैम पूरा करने का सपना टूटा, ज्वेरेव से सेमीफाइनल में मिली करारी हार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

टोक्यो। दुनिया के शीर्ष रैंकिंग के टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच का ओलंपिक के पुरुष एकल के सेमीफाइनल में शुक्रवार को अलेक्जेंडर ज्वेरेव से हार कर गोल्डन स्लैम पूरा करने का सपना टूट गया। सर्बिया के इस खिलाड़ी को जर्मनी के ज्वेरेव ने पहले सेट में पिछड़ने के बाद दो घंटे तीन मिनट तक चले मुकाबले …

टोक्यो। दुनिया के शीर्ष रैंकिंग के टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच का ओलंपिक के पुरुष एकल के सेमीफाइनल में शुक्रवार को अलेक्जेंडर ज्वेरेव से हार कर गोल्डन स्लैम पूरा करने का सपना टूट गया। सर्बिया के इस खिलाड़ी को जर्मनी के ज्वेरेव ने पहले सेट में पिछड़ने के बाद दो घंटे तीन मिनट तक चले मुकाबले में 1-6, 6-3, 6-1 से हराया।

जोकोविच ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतकर गोल्डन स्लैम पूरा करने वाला पहला पुरुष खिलाड़ी बनने की कोशिश कर रहे थे। वह इस साल ऑस्ट्रेलियाई ओपन, फ्रेंच ओपन और विंबलडन जीत चुके है जबकि यूएस ओपन का आयोजन होना बाकी है। एक ही साल में चारों ग्रैंड स्लैम के साथ ओलंपिक स्वर्ण जीतने को गोल्डन स्लैम कहते है।

स्टेफी ग्राफ (1988) इस उपलब्धि को हासिल करने वाली इकलौती टेनिस खिलाड़ी है। चौथी वरीयता प्राप्त ज्वेरेव स्वर्ण पदक के लिए कारेन खाचानोव का सामना करेंगे। रूस के इस खिलाड़ी ने एक अन्य सेमीफाइनल में स्पेन पाब्लो कार्रेनो बुस्टा को 6-3,6-3 से हराया। जोकोविच कांस्य पदक मुकाबले में बुस्टा से भिंड़ेंगे।

पिछले ढाई महीने में यह जोकोविच की पहली हार है। इससे पहले इटैलियन ओपन में राफेल नडाल के खिलाफ उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। यहां के उमस भरे मौसम में जोकोविच पहले सेट को आसानी से जीतने के बाद लय को बरकरार रखने में असफल रहे और ज्वेरेव ने आसानी से अंक जुटाये।

जोकोविच इससे पहले 2008 बीजिंग ओलंपिक में कांस्य पदक जीत चुके है। उनके पास हालांकि मिश्रित युगल में भी स्वर्ण पदक जीतने का मौका है। उनकी और निना स्टोजानोविच की जोड़ी मिश्रित युगल के सेमीफाइनल में रूस ओलंपिक समिति (आरओसी) की  इलेना वेसनिना एवं असलान कारात्सेव की जोड़ी का सामना करेगी।

संबंधित समाचार