बरेली: अब्दुल्लाह डिग्री कॉलेज में प्रवेश प्रतिबंधित, असमाजिक कार्यों में कॉलेज मालिक दोषी
बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने बदायूं के गभियाई अलापुर के अब्दुल्लाह डिग्री कॉलेज में आगामी सत्र 2021-22 के लिए प्रवेश पर रोक लगा दी है। कुलपति ने समिति की रिपोर्ट के बाद निर्णय लिया है। डिग्री कॉलेज के मालिक की संपत्ति राज्य सरकार के पक्ष में गिरोहबंद व असामाजिक क्रियाकलापों में लिप्त होने …
बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने बदायूं के गभियाई अलापुर के अब्दुल्लाह डिग्री कॉलेज में आगामी सत्र 2021-22 के लिए प्रवेश पर रोक लगा दी है। कुलपति ने समिति की रिपोर्ट के बाद निर्णय लिया है। डिग्री कॉलेज के मालिक की संपत्ति राज्य सरकार के पक्ष में गिरोहबंद व असामाजिक क्रियाकलापों में लिप्त होने के चलते जब्त कर ली गई है। संपत्ति में डिग्री कॉलेज भी शामिल है।
कुलपति ने पूर्व में प्रवेशित छात्रों के भविष्य को देखते हुए तीन सदस्यी समिति का गठन किया है, जो उनके भविष्य में पठन-पाठन का निर्णय लेगी। कुलसचिव डा. राजीव कुमार की ओर से कॉलेज प्रबंधक, सचिव और प्राचार्य को विश्वविद्यालय के निर्णय की सूचना जारी कर दी गई है।
अब्दुल्लाह डिग्री कॉलेज में बीए, बीकॉम और बीएड की पढ़ाई होती है। यह कॉलेज एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध है। इसके मालिक नजमुल पुत्र लुकमान निवासी ककराला, अलापुर बदायूं हैं। नजमुल कई आपराधिक क्रियाकलापों में लिप्त हैं। उसपर नशा तस्करी के आरोप हैं।
बताया जा रहा है कि बीते वर्ष महाविद्यालय परिसर में ही भारी संख्या में डोडा बरामद हुआ था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई की थी। 3 फरवरी 2021 को पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में करीब 20 करोड़ की संपत्ति राज्य सरकार के पक्ष में जब्त की थी। इस संपत्ति में महाविद्यालय भी शामिल था। इस मामले में कुलसचिव के यहां से 2 जून को महाविद्यालय को नोटिस जारी किया गया था।
विश्वविद्यालय स्तर पर एक जांच समिति बनाई थी। जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट विश्वविद्यालय को सौंप दी थी। उसके बाद कार्य परिषद में भी इस मामले को रखा गया था। जांच समिति की रिपोर्ट और कार्य परिषद के निर्णय के बाद कुलपति ने महाविद्यालय में आगामी सत्र के लिए बीए, बीकॉम और बीएड में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है।
छात्रों की पढ़ाई रहेगी जारी
विश्वविद्यालय ने आगामी सत्र के लिए तो छात्रों के प्रवेश प्रतिबंधित कर दिए हैं, लेकिन महाविद्यालय में पहले से ही काफी संख्या में छात्र पढ़ रहे हैं। लिहाजा कॉलेज की संपत्ति जब्त होने के बाद यहां के छात्रों का भविष्य अधर में है। मौजूदा समय में तो भौतिक कक्षाएं संचालित नहीं हो रही हैं, लेकिन भविष्य में कक्षाएं भी संचालित होंगी। ऐसे में यहां के छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो सकती है।
इसके लिए कुलपति ने अब्दुल्लाह डिग्री कॉलेज के प्राचार्य, विश्वविद्यालय नॉमिनी डा. विमल कुमार शिक्षा विभाग विवि परिसर और क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी की एक समिति बनाई है। यह समिति छात्रों की पढ़ाई को लेकर निर्णय लेगी। बताया जा रहा है कि पुलिस ने कॉलेज की ऊपरी मंजिल को सील किया था। नीचे की मंजिल खाली है। इसमें ही छात्रों की कक्षाएं संचालित होंगी। यदि किसी तरह की दिक्कत आती है तो यह समिति छात्रों की कक्षाएं दूसरे महाविद्यालय में संचालित करा सकती है।
बरेली: सामूहिक नकल कराने में सत्यपाल सिंह डिग्री कॉलेज पर कार्रवाई
