यूपी: कोरोना पर कामयाब हुई योगी की नीति, 55 जिले में नहीं मिले एक भी मरीज
लखनऊ। प्रदेश के 55 जिलों में कोरोना संक्रमण का एक भी नया मामला नहीं पाया गया, जबकि 20 जिलों में इकाई अंक में मरीज पाए गए। वर्तमान में प्रदेश में सक्रिय मरीज की संख्या 712 है। यह स्थिति बताती है कि प्रदेश में हर नए दिन के साथ कोविड महामारी पर नियंत्रण की स्थिति और …
लखनऊ। प्रदेश के 55 जिलों में कोरोना संक्रमण का एक भी नया मामला नहीं पाया गया, जबकि 20 जिलों में इकाई अंक में मरीज पाए गए। वर्तमान में प्रदेश में सक्रिय मरीज की संख्या 712 है। यह स्थिति बताती है कि प्रदेश में हर नए दिन के साथ कोविड महामारी पर नियंत्रण की स्थिति और बेहतर होती जा रही है। साथ ही विगत दिवस किसी भी जिले में दोहरे अंक में नए केस की पुष्टि नहीं हुई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कोरोना संक्रमण को लेकर टीम-9 की बैठक के दौरान चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समन्वित, समेकित और नियोजित प्रयासों से प्रदेश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर पर प्रभावी नियंत्रण बना हुआ है।
प्रदेश में हर दिन ढाई लाख से तीन लाख टेस्ट हो रहें हैं, जबकि पॉजिटिविटी दर 0.01 फीसदी तक आ गई है। अब तक छह करोड़ 55 लाख दो हजार 631 कोविड सैंपल की जांच की जा चुकी है। अलीगढ़, अमरोहा, एटा, हाथरस, कासगंज, कौशाम्बी, महोबा, मुरादाबाद और श्रावस्ती में अब कोविड का एक भी मरीज शेष नहीं है। यह जनपद शनिवार को कोविड संक्रमण से मुक्त हैं। इस स्थिति को और बेहतर करने के लिए ट्रेस, टेस्ट और ट्रीट की नीति के अनुरूप सभी जरूरी प्रबंध किए जाएं। उन्होंने बताया कि ट्रेसिंग, टेस्टिंग और त्वरित ट्रीटमेंट के मंत्र से अच्छे परिणाम मिल रहे हैं।
विगत 24 घंटे में दो लाख 51 हजार 265 कोविड सैंपल की जांच की गई और 32 नए मरीजों की पुष्टि हुई, जबकि 48 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हुए। इस अवधि में पॉजिटिविटी दर 0.01 प्रतिशत रही। प्रदेश में कोरोना की रिकवरी दर 98.6 फीसदी है। 452 लोग घर पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। अब तक 16 लाख 84 हजार 973 से अधिक प्रदेशवासी कोरोना संक्रमण से मुक्त होकर स्वस्थ हो चुके हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि कोविड की तीसरी लहर की आशंका देखते हुए सभी जरूरी प्रयास यथाशीघ्र पूरी की जाए। बच्चों की स्वास्थ्य सुरक्षा की दृष्टि से पीकू/नीकू की स्थापना की कार्यवाही तेज हो। अब तक केवल मेडिकल कॉलेजों में पीडियाट्रिक आईसीयू व आइसोलेशन बेड की संख्या 6572 से अधिक हो गई है। सभी ज़िलों में इस कार्य को शीर्ष प्राथमिकता दी जानी चाहिए। इसकी दैनिक समीक्षा की जानी चाहिए।
चार करोड़ से अधिक का हुआ टीकाकरण
प्रदेश में कोविड टीकाकरण का कार्य सुचारु रूप से चल रहा है। विगत दिवस 08 लाख 21 हजार 468 लोगों ने टीका-कवर प्राप्त किया। अब तक उत्तर प्रदेश में चार करोड़ 76 लाख 22 हजार से अधिक कोविड वैक्सीन लगाए जा चुके हैं। चार करोड़ लोगों ने कम से कम कोविड की एक खुराक ले ली है। यह किसी एक राज्य द्वारा किया गया सर्वाधिक वैक्सीनेशन है। कोविड वैक्सीनेशन को और तेज करने की आवश्यकता है, इसके दृष्टिगत भारत सरकार से सतत समन्वय बनाए रखा जाए।
एंबलेंस की रहे उपलब्धता
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि मरीजों की जरूरत पर तुरंत एम्बुलेंस की उपलब्धता होनी चाहिए। इसमें लापरवाही हुई तो सेवा प्रदाता के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई होगी। किसी भी दशा में मरीज अथवा उनके परिजन का उत्पीड़न न हो। जिलाधिकारीगण अपने जिलों में एम्बुलेंस संचालन की व्यवस्था पर सतत नजर बनाए रखें।
जल्द मिलेगा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का उपहार
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा प्रदेश को अतिशीघ्र पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का उपहार मिलने जा रहा है। इसी प्रकार, गंगा एक्सप्रेस-वे के लिए अब तक 6,572 हेक्टेयर (90 फीसदी से अधिक) भूमि क्रय कर ली गई है। इसके एवज में ₹6,189 करोड़ का भुगतान किया गया है। इतना भुगतान स्वयं में एक रिकॉर्ड है। भूमि अधिग्रहण की यह प्रक्रिया निर्विवाद ढंग से संपन्न हुई है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए भूमि उपलब्ध कराने में स्थानीय किसानों और प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका सराहनीय रही है। इसके अवशेष कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए।
