काशीपुर: निगम परिसर में बनी पार्किंग में वाहन खड़ा करने से मना करने पर गुस्साए व्यापारी
काशीपुर, अमृत विचार। नगर निगम परिसर में बने पार्किंग स्थल में स्थानीय लोगों के कोई भी वाहन पार्क नहीं किए जाने के निर्देश पर व्यापारियों में रोष व्याप्त हो गया। पार्किंग स्थल पर अपना वाहन पार्क न होने से गुस्साए व्यापारियों ने नगर निगम अधिकारियों का घेराव किया और पार्किंग की समस्या को लेकर व्यापारियों …
काशीपुर, अमृत विचार। नगर निगम परिसर में बने पार्किंग स्थल में स्थानीय लोगों के कोई भी वाहन पार्क नहीं किए जाने के निर्देश पर व्यापारियों में रोष व्याप्त हो गया। पार्किंग स्थल पर अपना वाहन पार्क न होने से गुस्साए व्यापारियों ने नगर निगम अधिकारियों का घेराव किया और पार्किंग की समस्या को लेकर व्यापारियों एवं नगर निगम अधिकारियों के बीच नोकझोंक हुई। हालांकि बाद में व्यापारियों के वाहनों को पार्किंग स्थल पर खड़ा करने की अनुमति दे दी गई।
विगत एक सप्ताह पूर्व नगर निगम द्वारा परिसर में बनाई गई पार्किंग में बाहर से आने वाले प्रत्येक वाहन को पार्क नहीं करने का निर्देश जारी कर पार्किंग स्थल पर ताला लटका लगा दिया गया। शनिवार को नगर निगम बाजार के व्यापारियों को जब इस निर्देश की भनक लगी तो गुस्साएं व्यापारी अपने-अपने वाहन निगम परिसर में ही खड़ा कर नगर निगम कार्यालय पहुंच गए और पार्किंग स्थल में अपना वाहन खड़ा करने की मांग करने लगे।
इस दौरान व्यापारियों एवं नगर निगम अधिकारियों के बीच पार्किंग की समस्या को लेकर नोकझोंक भी हुई। व्यापारियों का कहना था विगत कई वर्षों से नगर निगम मार्केट में वह कारोबार करते आ रहे हैं और अपने-अपने वाहन नगर निगम परिसर में बने पार्किंग स्थल पर खड़े करते हैं लेकिन अचानक नगर निगम द्वारा द्वारा उक्त पार्किंग स्थल पर केवल नगर निगम के वाहनों के अलावा कोई भी वाहन खड़ा करने पर रोक लगा दी और गेट पर ताला लगा दिया।
जिसके चलते यहां के व्यापारियों को अपना वाहन खड़ा करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यही नहीं दूरदराज से काशीपुर में खरीदारी करने के लिए आने वाले ग्राहकों को भी वाहन पार्क करने के लिए किसी अन्य जगह भटकना पड़ रहा है। पहले से ही मंदी की मार से जूझ रहे व्यापारियों के सामने रोजी रोटी का संकट गहराता जा रहा है। इस दौरान मौके पर पहुंचे नगर निगम पार्षद राजू सेठी ने गुस्साए व्यापारियों को समझाया और उक्त मामले को लेकर मुख्य नगर आयुक्त आकांक्षा वर्मा से फोन पर वार्ता की। व्यापारियों की समस्याओं को देखते हुए आखिरकार नगर निगम अधिकारियों ने उनके वाहन उक्त पार्किंग स्थल पर खड़े करने की सहमति जता दी। जिसके बाद व्यापारियों ने नगर निगम अधिकारियों एवं पार्षद राजू सेठी का आभार व्यक्त किया।
