हल्द्वानी: 17 अगस्त से शुरू होगी जन आर्शीवाद यात्रा, योजनाओं व उपलब्धियों का होगा प्रचार-प्रसार
हल्द्वानी, अमृत विचार। चुनाव निकट आते ही भाजपा ने जनता के बीच जाने की रणनीति बनाई है। इसके तहत जन आर्शीवाद यात्रा निकालने की योजना है। यात्रा के जरिये सरकार कल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएगी। योजनाओं के प्रचार-प्रसार के साथ ही जनता का आर्शीवाद भी मांगेगी। वर्ष 2022 में होने …
हल्द्वानी, अमृत विचार। चुनाव निकट आते ही भाजपा ने जनता के बीच जाने की रणनीति बनाई है। इसके तहत जन आर्शीवाद यात्रा निकालने की योजना है। यात्रा के जरिये सरकार कल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएगी। योजनाओं के प्रचार-प्रसार के साथ ही जनता का आर्शीवाद भी मांगेगी।
वर्ष 2022 में होने वाले विस चुनाव को देखते हुए भाजपा सांगठनिक तैयारियों में जुटी है। भाजपा के रणनीतिकारों ने 17 अगस्त से जन आर्शीवाद यात्रा शुरू करने की योजना तैयार की है। राज्य के पांच जिलों देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंहनगर, नैनीताल, अल्मोड़ा में यात्रा का आयोजन होगा। यह यात्रा 19 अगस्त तक चलेगी। यात्रा के दौरान केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता के बीच पहुंचाया जाएगा। सरकार के कामकाज की तस्वीर जनता के सामने रखी जाएगी। जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभांवितों का आर्शीवाद लिया जाएगा। यात्रा के जरिये भाजपा अपनी रीति-नीति का प्रचार भी करेगी। इस आयोजन की तैयारी और रोडमैप को अंतिम रूप दिया जा रहा है। राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने आयोजन की तैयारियों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
मंत्रियों-विधायकों की जिम्मेदारी तय
हल्द्वानी। जन आर्शीवाद यात्रा के लिए सरकार के मुखिया के साथ ही मंत्रियों-विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की गई है। जन आर्शीवाद यात्रा में स्थानीय विधायकों के साथ ही मंत्री भी शामिल होंगे। इस यात्रा में पार्टी पदाधिकारियों की भी भूमिका रहेगी। आर्शीवाद यात्रा की सफलता का दारोमदार मंत्रियों-विधायकों के साथ ही पदाधिकारियों के कंधों पर रहेगा।
लाभार्थियों से लिया जाएगा फीडबैक
हल्द्वानी। जन आर्शीवाद यात्रा के जरिये विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से फीडबैक भी जुटाया जाएगा। सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने वाले लोगों से उनके व्यवहारिक अनुभव जाने जाएंगे। योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी हासिल की जाएगी।
