कोरोना काल में अमरनाथ यात्रा रद होने से हैं निराश, इस तरह घर बैठे कर सकते हैं दर्शन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जम्मू। कोरोना महामारी के परिप्रेक्ष्य में इस वर्ष भी अमरनाथ यात्रा रद्द कर दी गयी है, हालांकि श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के सद्प्रयासों से प्रत्येक घर और सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर लाइव आरती के जरिये श्रद्धालु पवित्र घंटियों की झंकार और बम-बम भोले तथा हर-हर महादेव के उद्घोष के बीच बफार्नी बाबा के दर्शनों का …

जम्मू। कोरोना महामारी के परिप्रेक्ष्य में इस वर्ष भी अमरनाथ यात्रा रद्द कर दी गयी है, हालांकि श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के सद्प्रयासों से प्रत्येक घर और सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर लाइव आरती के जरिये श्रद्धालु पवित्र घंटियों की झंकार और बम-बम भोले तथा हर-हर महादेव के उद्घोष के बीच बफार्नी बाबा के दर्शनों का लाभ ले रहे हैं।

श्रद्धालुओं ने इस तरह की नेक पहल के लिए श्राइन बोर्ड का यह कहते हुए आभार व्यक्त किया है कि वे भगवान अमरनाथ के वर्चुअल दर्शन से धन्य महसूस कर रहे हैं। केंद्रशासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल एवं श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष मनोज सिन्हा ने गत छह जुलाई को बोर्ड की ऑनलाइन सेवाओं का शुभारंभ किया था।

श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नितीश्वर कुमार ने बताया कि श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान रखने के लिए गुफा मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान करने के लिए सभी व्यवस्था की गयी हैं। कुमार ने बताया कि ‘एमएच वन’ चैनल को आधिकारिक तौर पर अपने नेटवर्क पर सुबह और शाम की ‘आरती’ के प्रसारण के लिए अधिकृत किया गया है और इसका दूरदर्शन पर साझा प्रसारण किया जाता है। इन नेटवर्कों के जरिए सुबह और शाम की आरती का सीधा प्रसारण किया जा रहा है। आरती का लाइव स्ट्रीम श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड की वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू.श्रीअमरनाथजीश्राइन.आरतीलाइव.एचटीएमएल लिंक पर भी उपलब्ध है।

इसके अलावा यह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के साथ-साथ यूट्यूब चैनल पर भी प्रसारित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ‘लाइव आरती’ के अलावा वर्चुअल पूजा, विशेष हवन, अमरनाथ के पांच और दस ग्राम चांदी के सिक्के के साथ प्रसाद बुकिंग की सुविधा भी ऑनलाइन लिंक एचटीटीपीएस://जेकेएसएएसबी.एनआईसी. इन/ऑनलाइन_सर्विस.एएसपीएक्स पर उपलब्ध है।

संबंधित समाचार