लखनऊ: आयकर टीम को बंधक बनाने वालों पर इन संगीन धाराओं में दर्ज हुई एफआईआर
लखनऊ। गोमतीनगर विस्तार इलाके में स्थित गंगा अपार्टमेंट में 22 जुलाई को छापेमारी करने गई आयकर विभाग की टीम पर हमले के मामले में एफआइआर दर्ज की गई है। सहायक आयकर आयुक्त सिद्धार्थ कुमार ने फ्लैट नंबर 305 में रहने वाले संग्राम सिंह के अलावा अनिमेष त्रिपाठी, अमित सिंह, इंद्रभूषण शाही, गार्ड, सुपरवाइजर आरएन पांडेय …
लखनऊ। गोमतीनगर विस्तार इलाके में स्थित गंगा अपार्टमेंट में 22 जुलाई को छापेमारी करने गई आयकर विभाग की टीम पर हमले के मामले में एफआइआर दर्ज की गई है। सहायक आयकर आयुक्त सिद्धार्थ कुमार ने फ्लैट नंबर 305 में रहने वाले संग्राम सिंह के अलावा अनिमेष त्रिपाठी, अमित सिंह, इंद्रभूषण शाही, गार्ड, सुपरवाइजर आरएन पांडेय और सुहानी पांडेय को नामजद किया गया है। इन सबके खिलाफ जानलेवा हमला करने, लूट, सरकारी कार्य में बाधा, गाली गलौज, धमकी समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। जानकारों ने बताया कि आयकर विभाग की टीम पीएसी के जवानों के साथ इस फ्लैट में छापा मारने गई थी।
संग्राम सिंह के फ्लैट में टीम ने कार्रवाई शुरू की ही थी कि इसी बीच अनिमेष त्रिपाठी दर्जनों की संख्या में लोगों को लेकर मौके पर पहुंचा और जबरन फ्लैट में दाखिल हो गया। आरोपियों ने आयकर टीम के साथ अभद्रता करने के साथ ही मारपीट भी की और उन्हें बंधक भी बना लिया था। मौके पर जुटी भारी भीड़ को देखकर पीएसी के जवान पीछे हट गए थे। आरोपितों ने सुरक्षाबल के सामने ही टीम के साथ जमकर मारपीट की और उन्हें गाड़ी से बाहर खींच लिया। इस दौरान पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे। हमलावरों ने सिद्धार्थ कुमार के कपड़े फाड़ दिए।
इस दौरान मारपीट में उनके सिर में भी चोट आई। पूरी टीम को आरोपितों ने काफी देर तक कमरे में बंधक बनाकर रखा। उनके साथ बदसलूकी की गई थी। जब मामले की जानकारी पाकर अतिरिक्त पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तब कहीं जाकर टीम के सदस्य आरोपियों के चंगुल से छूट पाए। इस मामले में एसीपी गोमतीनगर श्वेता श्रीवास्तव का कहना है कि सिद्धार्थ कुमार की तहरीर पर पुलिस ने संगीन धाराओं में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से अज्ञात आरोपियों की पहचान भी की जा रही है। सभी के ऊपर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
