बरेली: खुदाई के दौरान गैस पाइप लाइन कटी, भूखे रहे 250 घरों के लोग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। पटेल चौक पर सीवर लाइन और नाला निर्माण के लिए चल रही खुदाई रविवार दोपहर लोगों के लिए आफत बन गई। खुदाई के दौरान गैस की अंडरग्राउंड लाइन कटने से रिसाव होने लगा। इससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। सूचना पर आनन-फानन सीयूजीएल कंपनी के अधिकारी व अग्निश्मन विभाग के कर्मचारी मौके …

बरेली, अमृत विचार। पटेल चौक पर सीवर लाइन और नाला निर्माण के लिए चल रही खुदाई रविवार दोपहर लोगों के लिए आफत बन गई। खुदाई के दौरान गैस की अंडरग्राउंड लाइन कटने से रिसाव होने लगा। इससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। सूचना पर आनन-फानन सीयूजीएल कंपनी के अधिकारी व अग्निश्मन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे।

सप्लाई रुकवाकर लाइन की मरम्मत करवाई। इस बीच करीब 250 कनेक्शनों की गैस सप्लाई करीब 3:30 घंटे तक बंद रही। अचानक सप्लाई बंद होने से कई घरों में दोपहर का खाना तक नहीं बन पाया। लाकडाउन की वजह से होटल भी बंद थे। इस कारण काफी देर तक लोगों को भूखा ही रहना पड़ा। सीयूजीएल की तरफ से स्मार्ट सिटी के अधिकारियों के खिलाफ ऑनलाइन एफआईआर भी दर्ज कराई गई है।

स्मार्ट सिटी के तहत शहर में नगर निगम की तरफ से बिना योजना के सीवर लाइन और नाला निर्माण के लिए खुदाई चल रही है। खुदाई के दौरान कई बार बिजली की अंडरग्राउंड केबिल कटने से बिजली गुल हो चुकी है। रविवार दोपहर पटैल चौक पर नाला निर्माण के लिए हो रही खुदाई से पटेल चौक पर गैस की पाइप लाइन कट गई। इससे गैस रिसाव शुरू हो गया। आनन-फानन सीयूजीएल कंपनी के अधिकारियों को गैस लाइन फटने की सूचना दी गई।

कंपनी के अधिकारियों की सूचना पर फायर ब्रिगेड और कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। करीब साढ़े तीन घंटे तक काम होने से क्षेत्र में गैस की सप्लाई बंद रही। इधर, मामले में अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी ली जाएगी जो भी दोषी मिला उस पर कार्रवाई की जाएगी।

20 मिनट की मशक्कत के बाद बंद हुई लीकेज
सूचना मिलने पर सीयूजीएल कंपनी के कर्मचारी व अधिकारी मौके पर पहुंचे। ऐहतियातन अग्निशमन की गाड़ी भी पहुंच गई। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद कर्मचारियों ने लीकेज बंद की।

12 बजे कटी लाइन, 4 बजे हुई ठीक
आसपास के लोगों ने बताया कि नाला निर्माण के लिए करीब 12 बजे कर्मचारियों ने जेसीबी से गड्ढा खोदा था। उसी समय गैस पाइप लीक हो गई। पाइप लीक होते ही कंपनी को इसकी सूचना दी गई थी। इसके बाद कर्मचारी वहां पहुचे और कंट्रोल रूम से दोपहर करीब 12:30 बजे सप्लाई बंद कर लीकेज पर काबू पाया गया। शाम को करीब चार बजे गैस की सप्लाई को चालू किया गया।

एरिया मैनैजर सीयूजीएल मंसूर अली ने बताया कि पटेल चौक पर नाला निर्माण के समय जेसीबी से कटकर गैस की पाइप लाइन कट गई थी। जिसके चलते सिविल लाइंस इलाके में करीब साढ़े तीन घंटे तक गैस की सप्लाई बंद रही। बाद में कर्मचारियों को मौके पर भेजकर गैस का रिसाव बंद कराकर क्षतिग्रस्त लाइन को ठीक कराया गया। खुदाई करने वाली कंपनी के खिलाफ ऑनलाइन रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

बरेली: तम्बाकू, सिगरेट व अन्य मादक पदार्थों का सेवन न करें

संबंधित समाचार