बनबसा: 71 लाख के फुटपाथ पर चलेंगे नगरवासी
बनबसा, अमृत विचार। हाइवे किनारे पैदल चलने वालों के लिए अच्छी खबर है। नगर पंचायत की ओर से राहगीरों के लिए करीब 71 लाख की लागत से 16 सौ मीटर फुटपाथ तैयार हो रहा है, जिसका इन दिनों जोरशोर से काम चल रहा है।बता दें कि सड़क चौडीकरण के वक्त एनएचएआई की ओर से सड़क …
नगरवासियों की इस परेशानी को नगर पंचायत ने सीएम के समक्ष उठाया था, जिस पर तत्कालीन सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने हाइवे किनारे फुटपाथ बनाने की घोषणा की थी। फुटपाथ के लिए बजट की पहली किस्त जारी होते ही काम शुरू हो गया है, जिसे नगर पंचायत की ओर से बनाया जा रहा है। नगर पंचायत के जेई वसीम ने बताया कि फुटपाथ सात फुट चौड़ा और 16 सौ मीटर लंबा बनाया जाना है, जिसकी कुल लागत 70 लाख 88 हजार रुपये है।
इसकी पहली किस्त के रूप में 20 लाख रुपये मिल गए हैं, जबकि शेष धनराशि अभी मिलनी बाकी है। उन्होंने बताया कि फुटपाथ वार्ड नंबर एक स्थित संतोष काॅलोनी से पाटनी तिराहे तक हाइवे के दोनों साइड बनाया जाना है, जिसका करीब 22 दिन पहले काम शुरू हो चुका है। अगस्त अंतिम सप्ताह तक काम पूरा होने की उम्मीद है।
फुटपाथ पर सीसी इंटर लाॅकिंग टाइल्स लगाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सात फुट का फुटपाथ अभी बनाया जा रहा है, जबकि दो फुट का फुटपाथ पहले से है, जिसे भी दुरुस्त किया जा रहा है। इसके बनने के बाद कुल नौ फुट का फुटपाथ हो जाएगा, जिससे लोगों को हाइवे किनारे पैदल चलने में काफी सहूलियत होगी।
नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं दिलाने के लिए नगर पंचायत प्रतिबद्ध है। फुटपाथ नहीं होने से लोगों को हाइवे पर चलना पड़ता है, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। फुटपाथ बनने से नगरवासियों को काफी सहूलियत हो जाएगी।
-रेनू अग्रवाल, अध्यक्ष नगर पंचायत।
आड़े आ रही अतिक्रमण की समस्या
बनबसा। राहगीरों की सहूलियत और नगर को सुंदर बनाने के उद्देश्य से निर्मित फुटपाथ में अतिक्रमण की समस्या भी आड़े आ रही है। बस अड्डे के अलावा कई स्थानों पर लोगों ने शौचालय तक फुटपाथ पर बना रखे हैं, जबकि कुछ लोगों ने फुटपाथ तक अपनी दुकानें लगा रखी हैं। पंचायत अध्यक्ष रेनू अग्रवाल ने बताया कि फुटपाथ बनाने के दौरान जहां पर भी अतिक्रमण की समस्या आड़े आएगी, उसे प्रशासन के सहयोग से दूर किया जाएगा।
