बरेली: संतोष गंगवार के कार्यालय की सड़क बनी पिछड़े गांव की तस्वीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। हाल ही में विकास भवन में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक हुई थी जिसमें जनप्रतिनिधियों ने यह मुद्दा तो खूब उछाला कि अधिकारी उनकी सुन नहीं रहे हैं लेकिन अपने क्षेत्रों की बदहाल सड़कों को लेकर हर कोई चुप्पी साधे रहा। बारिश के बाद सड़कों पर राहगीरों का …

बरेली, अमृत विचार। हाल ही में विकास भवन में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक हुई थी जिसमें जनप्रतिनिधियों ने यह मुद्दा तो खूब उछाला कि अधिकारी उनकी सुन नहीं रहे हैं लेकिन अपने क्षेत्रों की बदहाल सड़कों को लेकर हर कोई चुप्पी साधे रहा। बारिश के बाद सड़कों पर राहगीरों का चलना मुश्किल हो गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद संतोष गंगवार के कार्यालय वाली सड़क की हालत ऐसी है कि सड़क अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रही है।

सड़क को देखकर ऐसा लग रहा है कि स्मार्ट सिटी की यह सड़क पिछड़े गांव की तस्वीर बन गयी। जिम्मेदारों को सड़क का दर्द दिखाई नहीं दे रहा है। सड़क के गहरे जख्म अब राहगीरों को भी जख्मी कर रहे हैं। जो भी यहां से गुजर रहा है वह नगर निगम और जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदार ठहरा रहा है।

कोहाड़ापीर चौराहे से निकलने के बाद सड़क पर कुछ दूर पहुंचते ही भीषण जलभराव है। गड्ढों में गंदा पानी भरा है। कई दिनों से तेज बारिश नहीं हुई इसके बावजूद यहां जलभराव है। पानी कहां से आ रहा है, इसको लेकर असमंजस बना है लेकिन सीवर की पुरानी लाइन से रिसाव होकर गंदा पानी सड़क पर फैल रहा है, ऐसी चर्चा हो रही है।

नगर निगम ने कुछ माह पूर्व कोहाड़ापीर चौराहे से संतोष गंगवार के कार्यालय तक नाला बनवाया लेकिन बीच में कई जगह नाला मोड़ दिया है। ऐसे में बारिश का पानी भी ठीक से पास नहीं हो पा रहा है। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा पश्चिम उत्तर प्रदेश के सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष आशीष कुमार जौहरी ने कुछ दिनों पहले सड़क का मामला उछाला लेकिन किसी स्तर से कोई सुनवाई नहीं हुई।

जबकि जर्जर सड़क पर प्रतिदिन गिरकर कोई न कोई जख्मी हो रहा है। गनीमत है कि आजकल कोरोना की वजह से स्कूल बंद हैं। बच्चों से भरे ई-रिक्शा और रिक्शा नहीं गुजर रहे हैं। जिम्मेदारों की चुप्पी किसी दिन हादसा करा देगी।

बरेली: खाना न बनाने पर चढ़ा पारा, नशे में धुत बेटे ने की मां की हत्या

संबंधित समाचार