सीतापुर: पुलिस और दबंग से प्रताड़ित युवक ने खाया जहरीला पदार्थ, मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीतापुर। सीतापुर जिले के सदरपुर थाना क्षेत्र में एक युवक ने पुलिस और एक दबंग पर प्रताड़ना का आरोप लगाने के बाद जहरीला पदार्थ खा लिया। जिसके बाद उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। हालांकि मृतक की पत्नी ने सिर्फ एक व्यक्ति के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा …

सीतापुर। सीतापुर जिले के सदरपुर थाना क्षेत्र में एक युवक ने पुलिस और एक दबंग पर प्रताड़ना का आरोप लगाने के बाद जहरीला पदार्थ खा लिया। जिसके बाद उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। हालांकि मृतक की पत्नी ने सिर्फ एक व्यक्ति के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को पकड़ लिया है। पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले में जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

सदरपुर थाना क्षेत्र के आल्हना पिपरी गांव निवासी मनोज वर्मा 35 पड़ोस के पिपरी गांव निवासी तारिक के साथ यूकेलिप्टस की बिल्लियों की खरीद-फरोख्त का काम करता था। दोनों का साझे में अच्छा काम चल रहा था, लेकिन लॉकडाउन की वजह से कारोबार में नुकसान हो गया था। जब दोनों ने बैठकर हिसाब किया तो मनोज वर्मा पर तारिक का काफी पैसा बकाया निकल आया। जिसके चलते तारिक अपना पैसा वापस मांग रहा था। पैसा वापस न मिलने पर तारिक ने सदरपुर थाना क्षेत्र की गुडचा पुलिस चौकी पर प्रार्थना पत्र दिया था। गोडाचा पुलिस चौकी प्रभारी अजय सिंह इस मामले की जांच कर रहे थे।

इसी बीच मंगलवार को उधारी न दे पाने से परेशान मनोज वर्मा ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिवार के लोग उसे इलाज के लिए ले गए। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, लेकिन मरने से पूर्व उसने अपने परिवार वालों को एक बयान दिया था। जिसका परिवार के लोगों ने वीडियो भी बनाया था। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

इस वायरल वीडियो में मनोज वर्मा ने आरोप लगाया है कि उसको रुपए वापस देने का दबाव बनाकर दरोगा अजय सिंह और तारिक परेशान करते थे। जिससे तंग आकर उसने यह कदम उठाया है। हालांकि इस मामले में मृतक की पत्नी कांति ने सिर्फ तारिक के खिलाफ ही थाने में तहरीर दी है। थाने में दारोगा के खिलाफ कोई शिकायत नहीं की गई है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।

थानाध्यक्ष अमित सिंह भदौरिया ने बताया कि मनोज वर्मा और पिपरी निवासी तारिक का साझेदारी का पैसा ग्यारह लाख अस्सी हजार रुपया मनोज पर था। तारिक आए दिन मनोज से पैसा मांगता था। इसी के चलते मनोज ने जहरीला पदार्थ खा कर आत्महत्या कर ली है। तारिक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिये जिला मुख्यालय भेज दिया गया है।

वहीं, सीओ ने बताया कि एक व्यक्ति के खिलाफ ही तहरीर दी गई है। इस सनसनीखेज घटना को लेकर महमूदाबाद के सीओ रविशंकर प्रसाद ने बताया कि तारिक नाम के व्यक्ति का रुपया मनोज वर्मा के ऊपर बकाया था। तारिक ने चौकी पर प्रार्थना पत्र दिया था। जिसकी जांच की जा रही थी। पुलिस द्वारा उसको कोई प्रताड़ना नहीं दी गई। उसने जहरीला पदार्थ खाया था। इस मामले में उसके परिवार के लोगों ने जो प्रार्थना पत्र दिया है, उसी के आधार पर कार्यवाही की जा रही है।

इसे भी पढ़ें….

बरेली: युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

संबंधित समाचार