बदायूं: डिवाइडर से टकराकर पलटी बस, चालक की मौत
सहसवान, अमृत विचार। बदायूं-मेरठ राज्यमार्ग पर सालिक नगला मोड़ के पास दिल्ली से बदायूं जा रही परिवहन निगम की बस डिवाइडर पर चढ़ने के बाद पलट गई। जिसमें दबकर बस का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उन्हें सीएचसी ले गई जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना में परिचालक घायल हो …
सहसवान, अमृत विचार। बदायूं-मेरठ राज्यमार्ग पर सालिक नगला मोड़ के पास दिल्ली से बदायूं जा रही परिवहन निगम की बस डिवाइडर पर चढ़ने के बाद पलट गई। जिसमें दबकर बस का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उन्हें सीएचसी ले गई जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना में परिचालक घायल हो गया और बस में बैठे 14 यात्रियों में छह को मामूली चोटें आईं।
बदायूं परिवहन डिपो की रोडवेज बस संख्या यूपी 77 एएन 1381 बदायूं आ रही थी। बस को जिला शाहजहांपुर की तहसील मिर्जापुर के गांव सिकंदरपुर निवासी पंकज पाठक (40) पुत्र राम महेश पाठक चला रहे थे। गांव सालिक नगला मोड़ पर निर्माणाधीन पुलिया की वजह से किए गए एकल मार्ग के पास बस को मोड़ते ही तेज गति होने की वजह से बस डिवाइडर पर चढ़ गई।
चालक ने बस की खिड़की खोलकर कूदने का प्रयास किया लेकिन अचानक बस पलट गई। जिसके चलते पंकज बस के नीचे दब गए। पुलिस ने जेसीबी की मदद से बस को सीधा कराया। बस के नीचे दबे पंकज पाठक के शव को बाहर निकलवाया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भेजा। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बस के परिचालक नीरज कुमार को मामूली चोटें आई हैं। बस में बैठे यात्रियों को शीशा तोड़कर बाहर निकाला गया। सभी सुरक्षित हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
