बरेली: पीलीभीत-शाहजहांपुर रूट पर ट्रेन संचालन को आज हो सकता है फैसला
बरेली, अमृत विचार। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल अंतर्गत पीलीभीत से शाहजहांपुर रेल खंड को मीटरगेज से ब्रॉडगेज में परिवर्तित किया जा चुका है। इस लाइन को उत्तर रेलवे से भी जोड़ दिया गया है। बुधवार को इस सेक्शन का पूर्वोत्तर रेलवे के कमिश्नर रेलवे ऑफ सेफ्टी (सीआरएस) मोहम्मद लतीफ निरीक्षण करेंगे। इसके बाद इस …
बरेली, अमृत विचार। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल अंतर्गत पीलीभीत से शाहजहांपुर रेल खंड को मीटरगेज से ब्रॉडगेज में परिवर्तित किया जा चुका है। इस लाइन को उत्तर रेलवे से भी जोड़ दिया गया है। बुधवार को इस सेक्शन का पूर्वोत्तर रेलवे के कमिश्नर रेलवे ऑफ सेफ्टी (सीआरएस) मोहम्मद लतीफ निरीक्षण करेंगे। इसके बाद इस रूट पर ट्रेन संचालन को लेकर फैसला हो सकता है।
निरीक्षण में सीआरएस के साथ मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण आरके यादव, मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष पंत, निर्माण संगठन एवं मंडल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। वे नव आमान परिवर्तित शाहजहांपुर-शाहबाजनगर (4.16 किमी) रेल खंड का गहन निरीक्षण करेंगे। रेल संरक्षा आयुक्त मार्गवर्ती पुल, समपारों, कर्व, प्वाइंट्स, स्टेशन पैनलों आदि का मोटर ट्रॉली के द्वारा निरीक्षण किया जाएगा।
इसके पश्चात रेल संरक्षा आयुक्त विशेष ट्रेन से शाहबाजनगर- शाहजहांपुर रेल खंड का गति परीक्षण भी करेंगे। मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष पंत ने स्थानीय जनता से अपील की है कि वे निरीक्षण एवं स्पीड ट्रायल के दौरान उक्त नव आमान परिवर्तित रेल खंड पर रेल पथ के निकट न जाएं और न ही अपने मवेशियों को जाने दें। उम्मीद है कि निरीक्षण के बाद ट्रेनों का भी संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
