मुरादाबाद: गृह कलह में राज मिस्त्री ने फांसी लगाकर की खुदकुशी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। नशे के आदि राजमिस्त्री ने पत्नी से झगड़ा करने के बाद फंदे पर लटक कर जान दे दी। शुक्रवार सुबह बड़ी बेटी ने शव फंदे पर झूलता देख शोर मचाया, तब परिजनों को मामले की जानकारी हुई। घटना मझोला थानाक्षेत्र के आंबेडकर नगर नया गांव आफत नगरी की है। यहां रहने वाले फूलचंद …

मुरादाबाद,अमृत विचार। नशे के आदि राजमिस्त्री ने पत्नी से झगड़ा करने के बाद फंदे पर लटक कर जान दे दी। शुक्रवार सुबह बड़ी बेटी ने शव फंदे पर झूलता देख शोर मचाया, तब परिजनों को मामले की जानकारी हुई।
घटना मझोला थानाक्षेत्र के आंबेडकर नगर नया गांव आफत नगरी की है।

यहां रहने वाले फूलचंद सिंह के परिवार में पत्नी अमलेश के अलावा दो बेटी अनीता व प्रीति तथा 28 वर्षीय बेटा अर्जुन सैनी है। फूलचंद फर्म में नौकरी करते हैं। अर्जुन सैनी राजमिस्त्री का काम करता था। उसके परिवार में पत्नी चंचल के अलावा चार बेटियां वैष्णवी, आरोही, ईशी और कनक हैं। फूलचंद सिंह अपनी पत्नी अमलेश के साथ मकान के भूतल पर रहते हैं, जबकि अर्जुन सिंह परिवार के साथ पहली मंजिल पर रहता था।

फूलचंद सिंह ने बताया कि उनका इकलौता बेटा अर्जुन सिंह नशे का शौकीन था। वह शराब के अलावा भांग का भी सेवन करता था। इसी को लेकर आए दिन उसका पत्नी से झगड़ा होता रहता था। गुरुवार की शाम भी इसी को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसकी जानकारी मिलने पर एकता कालोनी निवासी गोपीचंद अपनी बेटी चंचल और उसकी दो छोटी बेटियों ईशी तथा कनक को साथ ले गए थे।

वैष्णवी और आरोही नीचे दादी के पास सो रही थीं। देर रात करीब एक बजे वह ड्यूटी से घर पहुंचे तो पत्नी ने बेटे और बहू के झगड़े के बारे में बताया। इतना ही नहीं उसने दो बार छत पर जाकर भी देखा। पहले अर्जुन छत पर टहल रहा था और फिर कमरे में बैठा था, चूंकि अर्जुन और उसकी पत्नी के बीच झगड़ा आए दिन होता रहता था इसलिए उन्होंने इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया और सो गए।

सुबह करीब छह बजे पांच वर्षीय आरोही छत पर गई। उसने नीचे आकर बताया कि पापा खड़े हैं। इसके बाद बड़ी बेटी वैष्णवी ऊपर गई तो पिता को फांसी पर झूलता देख उसकी चीख निकल गई। परिजन छत पर पहुंचे तो देखा कि अर्जुन का शव पंखे से बंधी रस्सी के सहारे झूल रहा था। पुलिस ने शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फारेंसिक टीम को भी मौके पर बुला लिया गया।

संबंधित समाचार