बदायूं: गाड़ी से कुचलकर पूर्व सैनिक व भतीजे की हत्या, 7 पर रिपोर्ट दर्ज, 2 गिरफ्तार
रुदायन (इस्लामनगर), अमृत विचार। पूर्व सैनिक और उनके भतीजे की स्कार्पियो से कुचलकर हत्या कर दी गई। हत्यारों ने पूर्व सैनिक का एक हाथ और एक पैर भी काटा। किशोर के पैर पर धारदार हथियार से वार किया गया। सात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के …
रुदायन (इस्लामनगर), अमृत विचार। पूर्व सैनिक और उनके भतीजे की स्कार्पियो से कुचलकर हत्या कर दी गई। हत्यारों ने पूर्व सैनिक का एक हाथ और एक पैर भी काटा। किशोर के पैर पर धारदार हथियार से वार किया गया। सात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के पीछे मछली पालन के तालाब को लेकर रंजिश बताई गई।
गांव मोहब्बे अलीपुर चिचैटा निवासी पूर्व सैनिक आर्येंद्र पाल सिंह (44) पुत्र ओमकार सिंह अपने भतीजे गौरव (16) पुत्र मुकेश सिंह के साथ शुक्रवार शाम पांच बजे बाइक से इस्लामनगर जा रहे थे। बिसौली रोड पर गांव कंधरपुर व लभारी के बीच स्कार्पियो यूपी 25 डीबी 3745 से बाइक में टक्कर मार दी जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
आरोप है कि टक्कर मारने के बाद आरोपियों ने पूर्व सैनिक का एक हाथ काटा और एक पैर की नस काटी जबकि गौरव के जांघ पर हथियार से वार किया। घायल आर्येंद्र पाल को बरेली और गौरव को मुरादाबाद भेजा गया। रास्ते में दोनों ने दम तोड़ दिया। स्कार्पियो सुभाष पुत्र मोहर सिंह चला रहा था।
साथ में रामभान पुत्र मोहर सिंह, आशीष पुत्र सुभाष सिंह, विनय पुत्र रामभान सिंह, प्रेमपाल पुत्र इंद्रपाल, सुरेंद्र पुत्र भगवंत सिंह, नरेंद्र पुत्र भगवंत सिंह थे। वे लोग आर्येंद्र पाल से तालाब में मछली पालन को लेकर रंजिश मानते थे। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने सातों आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कर सुरेंद्र व प्रेमपाल का गिरफ्तार कर लिया है।
स्कार्पियो की टक्कर से दो की मौत हुई है। परिजनों की तहरीर के आधार पर सात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर दो आरोपियों की गिरफ्तार की गई है। जांच में जो भी तथ्य आएंगे उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। – संकल्प शर्मा, एसएसपी।
