बिलासपुर: टूटती भरोसे की डोर, दम तोड़ते रिश्ते… पत्नी के चरित्र पर था शक, पति ने हत्या कर खुद की भी ली जान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिलासपुर। क्षेत्र के ज्वालापुर भैंसिया गांव में शनिवार की शाम पति ने पहले पत्नी के सीने में गोली मारी और फिर खुद भी सीने में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना का कारण पत्नी के चरित्र पर शक करना बताया जा रहा है। सूचना के बाद …

बिलासपुर। क्षेत्र के ज्वालापुर भैंसिया गांव में शनिवार की शाम पति ने पहले पत्नी के सीने में गोली मारी और फिर खुद भी सीने में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना का कारण पत्नी के चरित्र पर शक करना बताया जा रहा है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बाद में आला अधिकारियों ने भी घटनास्थल पार जाकर मौका मुआयना किया।

घटना शनिवार को देर शाम की है। गांव वालों ने बताया कि ग्राम भैंसिया ज्वालापुर निवासी अनूप सिंह की पुत्री कर्मजीत कौर (30) का करीब बारह साल पहले माठखेड़ा निवासी एक व्यक्ति के साथ विवाह हुआ था। जिससे उसके एक पुत्र हुआ। इसके बाद पति से नहीं बनने पर कर्मजीत ने अपने पहले पति को छोड़ दिया। करीब एक साल पहले मनुनगर निवासी जसवीर सिंह उर्फ जस्सी (35) से शादी कर ली। कुछ ही दिनों के बाद इन दोनों में भी अनबन रहने लगी। जिसके बाद महिला अपने बेटे के साथ मायके आई हुई थी। उसके साथ पूर्व पति से हुआ 12 साल का बेटा भी था।

शनिवार को जस्सी ने वहां आकर उससे चलने को कहा, जिस पर दंपति में विवाद हो गया। गुस्साए जस्सी ने कर्मजीत से हाथापाई शुरू कर दी। इसके बाद अपने साथ लाए गए तमंचे से उसके सीने में गोली दाग दी। गोली लगने से कर्मजीत की मौके पर ही मौत हो गई। जस्सी ने करीब पचास मीटर दूर जाकर खुद भी अपने सीने में गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

इससे सभी ग्रामीण सकते में आ गए। आनन-फानन में मौके पर पुलिस पहुंची। दोनों को सीएचसी लाया गया। डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। कोतवाली पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना पाकर आलाधिकारी भी मौके पर पहुंचे गए हैं।शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

विवाद की बुनियाद का नहीं चल रहा सटीक पता
पत्नी की हत्या कर देना और फिर स्वयं को भी गोली मार लेने की कभी-कभार ही होने वाली घटना का वास्तविक कारण जानने की सब ने काफी कोशिश की। मगर पुलिस समेत किसी को भी सटीक तौर पर पता नहीं चला। करीब एक वर्ष पहले हुई शादी में इतनी जल्दी दरार आने की वजह किसी ने बताई कि जस्सी कोई खास काम-धाम नहीं करता था। जिससे कर्मजीत नाराज थी। किसी ने बताया कि जस्सी उसके पहले पति के बच्चे को अपने साथ रखना नहीं चाहता था।

कुछ ग्रामीणों का कहना था कि जस्सी नशे का आदी व अपराधिक प्रवृत्ति का था। बताया कि वह मायके में अपनी पत्नी को लेने आया था, मगर चलने से मना करने पर वह तैश में आ गया। ऐसी हरकत कर बैठा। वैसे वह अपनी पत्नी से काफी प्यार करता था, इसलिए खुद भी आत्महत्या कर ली।

मां की मौत के बाद बच्चे का रो रोकर बुरा हाल
मां कर्मजीत कौर की मौत के बाद 12 साल के बच्चे का रो रोकर बुरा हाल है। वह मां को बेहद प्यार करता था। पता चला है कि वह अपनी सौतेले पिता जस्सी को ज्यादा प्यार नहीं करता था। शायद जस्सी इस बात से भी नाराज रहता था।

पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। पति आज उसे बुलाने आया था। पत्नी द्वारा चलने से मना करने पर उसने यह कांड कर डाला। सही-सही वजह अभी पता नहीं चल पा रही है। – मंजीत सिंह,प्रधान- भैंसिया ज्वालापुर

गोली मारने में 315 बोर के तमंचे का इस्तेमाल किया गया। घटना को अंजाम देने वाला मृतक जस्सी नशे का आदी था और उसकी अपनी पत्नी से नहीं बनती थी। पुलिस मामले की पूरी जांच में जुट गई है। – विद्या किशोर शर्मा, पुलिस क्षेत्राधिकारी बिलासपुर

संबंधित समाचार