बरेली: भाजपा ने विधायकों का बनवाया रिपोर्ट कार्ड, तीन के टिकट कटने के संकेत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। मिशन 2022 में बरेली के तीन से चार विधायकों के टिकट कटना तय माना जा रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय ने बरेली के आठ विधायकों का रिपोर्ट कार्ड बनवाया है जिसमें तीन विधायकों की जमीनी हकीकत खराब मिली है। इन विधायकों ने न जनता के अनुसार विकास कार्य कराए हैं और …

बरेली, अमृत विचार। मिशन 2022 में बरेली के तीन से चार विधायकों के टिकट कटना तय माना जा रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय ने बरेली के आठ विधायकों का रिपोर्ट कार्ड बनवाया है जिसमें तीन विधायकों की जमीनी हकीकत खराब मिली है। इन विधायकों ने न जनता के अनुसार विकास कार्य कराए हैं और न ही ये आमजन के बीच अपनी छवि सुधार सके। ऐसे में इनके टिकट कटने के संकेत भी दे दिए गए हैं।

राष्ट्रीय मुख्यालय ने विधायकों का रिपोर्ट कार्ड बनाने के लिए बड़ी गोपनीयता से सर्वे कराया है। बताते हैं कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से 20-20 सक्रिय कार्यकर्ताओं का डाटा तैयार कराया गया। उनके नाम, मोबाइल नंबर और पता सहित पूरी जानकारी मुख्यालय को उपलब्ध करायी गयी। इसके बाद मुख्यालय से एक-एक कार्यकर्ता को फोन कर कई बिंदुओं पर फीडबैक लिया गया जिसमें पूछा गया कि आपके विधायक की छवि कैसी है, कोरोना काल में जरूरतमंदों की मदद किस प्रकार की, विकास कार्यों को लेकर आमजन का क्षेत्रीय विधायक और सरकार के प्रति क्या नजरिया है।

भाजपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि वह भी 20 कार्यकर्ताओं की सूची में शहर विधानसभा से शामिल थे। जिस तरह से सवाल किए गए, उससे लग रहा है कि फोन करने वाले पदाधिकारी की टेबिल पर बरेली के सभी विधायकों की रिपोर्ट पहले से रखी थी, क्योंकि कई ऐसे सवाल भी पूछे, जिसका जवाब सोच-समझ कर देना पड़ा। कैंट और शहर विधानसभा क्षेत्र का एरिया नगर निगम के 80 वार्डों के ईद-गिर्द है। इसलिए प्रत्येक वार्ड से 20 कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया गया।

मुख्यमंत्री के रूप में किसे करते हैं पसंद
विधायकों का फीडबैक लेने के दौरान राष्ट्रीय मुख्यालय से यूपी में मुख्यमंत्री के रूप में किसे पसंद करते हैं, यह सवाल सुनकर कार्यकर्ता भी हैरान हो गए क्योंकि, कुछ दिनों पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2022 योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही लड़ने की बात कही। इस सवाल पर अटकने के बाद कार्यकर्ताओं ने योगी आदित्यनाथ को ही मुख्यमंत्री के रूप में देखने का फीडबैक दिया।

संघ ने भी विधायकों की जमीनी हकीकत परख तैयार की है रिपोर्ट
बरेली के सभी विधायकों में कितने को टिकट मिलेगा यह तो मिशन 2022 के निकट भविष्य की बात है लेकिन विधायकों की जमीनी हकीकत कई स्तर से परखी जा रही है ताकि अगले चुनाव में टिकट देने को लेकर राष्ट्रीय नेतृत्व के सामने असमंजस की स्थिति न आए। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने भी एक माह पहले विधायकों की रिपोर्ट तैयार की। जिसमें कई विधायकों की स्थिति बेहद खराब दर्शायी गयी है।

केसर सिंह की मौत से नवाबगंज सीट पहले से है रिक्त
कोरोना काल की दूसरी लहर में नवाबगंज विधानसभा सीट के विधायक केसर सिंह गंगवार की मौत हो गयी थी। तब से यह सीट रिक्त चल रही है। बीच में इस सीट पर उप चुनाव कराने को लेकर चर्चा चली थी। इस सीट से चुनाव लड़ने के लिए कई दावेदार हैं।

भाजपा ने इन विधायकों की स्थिति परख तैयार की रिपोर्ट
शहर विधानसभा सीट से डा. अरुण कुमार, कैंट से राजेश अग्रवाल, मीरगंज से डीसी वर्मा, बिथरी चैनपुर से राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल, फरीदपुर से प्रो श्याम बिहारी, भोजीपुरा से बहोरन लाल, बहेड़ी से छत्रपाल गंगवार, आंवला से धर्मपाल सिंह।

संबंधित समाचार