बरेली: इंडिगो की उड़ान से पहले दोहना से एयरपोर्ट को नहीं मिलेगी बिजली
बरेली, अमृत विचार। 12 अगस्त से मुंबई और 14 अगस्त से बेंगलुरू के लिए इंडिगो फ्लाइट शुरू कर रही है। इससे एयरपोर्ट पर बिजली का लोड अधिक बढ़ेगा। एयरपोर्ट को बिजली की आपूर्ति सुचारू रूप से देने के लिए दोहना सब स्टेशन पर अलग से फीडर बनाया गया है लेकिन केबिल भूमिगत नहीं बिछायी जा …
बरेली, अमृत विचार। 12 अगस्त से मुंबई और 14 अगस्त से बेंगलुरू के लिए इंडिगो फ्लाइट शुरू कर रही है। इससे एयरपोर्ट पर बिजली का लोड अधिक बढ़ेगा। एयरपोर्ट को बिजली की आपूर्ति सुचारू रूप से देने के लिए दोहना सब स्टेशन पर अलग से फीडर बनाया गया है लेकिन केबिल भूमिगत नहीं बिछायी जा सकी।
मंडलायुक्त आर रमेश कुमार के सख्ती बरतने के बाद भी अभी तक भूमिगत केबिल बिछाने का कार्य 40 प्रतिशत ही हुआ है। इससे माना जा रहा है कि इंडिगो की उड़ानें शुरू होने तक दोहना से एयरपोर्ट को बिजली की आपूर्ति नहीं हो सकेगी। हालांकि, कार्य बाधित के पीछे रेलवे व वन विभाग के एनओसी न देने की बात सामने आयी थी। एनओसी मिलने के बाद ही भूमिगत केबिल बिछाने का कार्य शुरू हुआ। अगस्त माह तक काम पूरा होने के बाद बिजली की सप्लाई शुरू होने की बात कही गयी है।
भोजीपुरा क्षेत्र में स्थित दोहना 132 केवी सबस्टेशन से एयरपोर्ट तक 13 किलोमीटर लंबी 33 केवी हाईटेंशन लाइन बिछाने में एक जगह लाइन रेलवे लाइन के नीचे से भी गुजरेगी। यहां करीब डेढ़ मीटर एरिया में भूमिगत लाइन बिछाने के लिए रेलवे की एनओसी के इंतजार में काम अटका हुआ था। इसके अलावा वन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र न मिलने से एयरपोर्ट तक बिजली की लाइन पहुंचने में दिक्क्ते हो रही थी।
एनओसी न मिलने से काम पूरा नहीं हो पा रहा था। जिसके बाद अभी पिछले दिनों बैठक के दौरान जिलाधिकारी नितीश कुमार ने वन विभाग को जल्द से जल्द एनओसी जारी करने के निर्देश दिए थे। वन विभाग और रेलवे की अनुमति मिलने के बाद अब भूमिगत लाइन बिछाने का काम शुरू हो गया है।
खपत होगी ज्यादा, होगा 500 केवीए का कनेक्शन
एयरपोर्ट को रोशन रखने के लिए काफी बिजली की खपत होगी। इसलिए इसका करीब 500 केवीए का भारी-भरकम कनेक्शन होगा। वहीं, पांच-पांच एमवीए के ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। एक ट्रांसफार्मर पर लोड रहेगा। जबकि दूसरा ट्रांसफार्मर स्टैंडबाय होगा। यानी आपात स्थिति में दूसरे ट्रांसफार्मर का उपयोग किया जाएगा।
चार विभाग संभाल रहे हैं जिम्मेदारी
दोहना सब स्टेशन से लाइन बिछाए जाने से एयरपोर्ट रोशन करने तक का काम बिजली महकमे के चार उप विभाग संभाल रहे हैं। सब स्टेशन बनाने का काम सिविल डिवीजन कर चुका है। बिजली कनेक्शन देने का काम ट्रांसमिशन विभाग करेगा। लाइन बिछाने की जिम्मेदारी माध्यमिक और डिस्ट्रीब्यूशन विभाग की जिम्मेदारी मीटर लगाने और बिलिंग की होगी।
एनओसी मिलने के बाद काम शुरू करा दिया गया है। 40 फीसदी काम भी पूरा हो चुका है। अगस्त माह के अंतिम दिनों में काम पूरा हो जाएगा। उसके बाद कनेक्शन देकर बिजली सप्लाई शुरू हो जाएगी। -राजीव कुमार, अधिशासी अभियंता (द्वितीय डिवीजन)
यह भी पढ़ें-
बरेली: रिसर्च एंड डेवलपमेंट योजना के राशि की उपयोग सीमा बढ़ी
