बाराबंकी: भाजपा बूथ अध्यक्ष की निर्मम हत्या, कार्यकर्ताओं में आक्रोश, जांच में जुटी पुलिस
बाराबंकी। थाना सुबेहा अन्तर्गत बीती रात अज्ञात हत्यारों ने भाजपा के एक बूथ अध्यक्ष की बेरहमी से हत्या कर शव को घर से दूर झाड़ियों में फेंक दिया। रविवार सुबह जब इस घटना की जानकारी ग्रामीणों को हुई तो ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी सुबेहा ने शव का पंचनामा …
बाराबंकी। थाना सुबेहा अन्तर्गत बीती रात अज्ञात हत्यारों ने भाजपा के एक बूथ अध्यक्ष की बेरहमी से हत्या कर शव को घर से दूर झाड़ियों में फेंक दिया। रविवार सुबह जब इस घटना की जानकारी ग्रामीणों को हुई तो ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी सुबेहा ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। भाजपा नेता की हत्या की जानकारी मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी मनोज कुमार पाण्डेय व अन्य अधिकारियों ने मौके का मुआयना करने के बाद थाना प्रभारी को घटना के जल्द खुलासे के आदेश दिये। उक्त घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है।
जानकारी के अनुसार, थाना सुबेहा क्षेत्र के ग्राम पंण्डित पुरवा मजरे थलवारा निवासी 65 वर्षीय हरिहर सिंह पुत्र स्व. जसवंत सिंह भाजपा के बूथ अध्यक्ष के पद पर कार्यरत थे। घर पर उनके कोई नहीं था। उनकी पत्नी का निधन दो माह पूर्व हो चुका था। हरिहर की कोई औलाद नहीं थी। उन्होंने अपनी जीविका के लिये गांव के बाहर एक पोल्ट्री फार्म खोल रखा था। उसकी देख रेख के लिये गांव के ही एक व्यक्ति भोला रैदास को रखा था। हमेशा की तरह भोला बीती शनिवार की शाम हरिहर सिंह को यह बताकर निकला कि वह घर खाना खाने जा रहा है। देर रात करीब 10 बजे जब वह पोल्ट्री फार्म पर पहुंचा तो वहां पर उनको हरिहर सिंह नजर नहीं आये। भोला ने सोचा कि हरिहर शायद गांव में ही रुक गये होंगे। उसके बाद वह वहीं पर सो गया।
सुबह जब करीब 8 बजे उसकी नींद खुली तो उसने देखा कि अभी भी उसके मालिक यहां पर नही आये हैं। उसके बाद भोला ने हरिहर की तलाश शुरु की और उक्त जानकारी वहां के ग्रामीणों को दी। हरिहर की तलाश में जब उसके घर के पीछे झाड़ियों में जाकर ग्रामीणों ने देखा तो सभी के होश उड़ गये। हरिहर का शव झाड़ियों में पड़ी थी। देखने से लग रहा था कि हत्यारों ने बड़ी बेरहमी से उनकी हत्या की है। हत्या की खबर सुनते ही पूरे गांव में हड़कम्प मच गया।
आनन फानन में ग्रामीणों ने उक्त घटना की जानकारी सुबेहा थाना प्रभारी को दी। हत्या की सूचना मिलते ही मौके पर थाना प्रभारी ओमबीर सिंह चौहान दल बल के साथ पहुंचे उसके बाद उन्होने उक्त घटना की जानकारी अपने उच्चाधिकारियों को दी। इसके बाद में दोपहर को क्षेत्राधिकारी हैदरगढ़ नवीन सिंह अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी मनोज कुमार पाण्डेय व अन्य अधिकारी पहुंच गये। इन अधिकारियों ने गांव के ग्रामीणों से घटना के सम्बन्ध में जानकारी की गयी लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकला। बाद में थाना प्रभारी ने लाश का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया।
इस सम्बन्ध में थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की तहरीर नहीं मिली है। जब तहरीर मिलेगी तब मुकदमा दर्ज किया जायेगा। मृतक के नौकर की सूचना पर लाश का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया है। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी मनोज कुमार पाण्डेय का कहना था कि सुबह 10 बजे मृतक के नौकर भोला ने पुलिस को सूचना दी थी। इसी सूचना के आधार पर कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि गांव के कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछतांछ भी की जा रही है।
सबूत पाने के लिये भटकते रहे एएसपी
भाजपा बूथ अध्यक्ष की हत्या के बाद अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी मनोज कुमार पाण्डेय करीब एक घण्टे तक घटनास्थल पर मौजूद रहे। उन्होने ग्रामीणों को बारी-बारी अलग अलग बुलाकर पूछतांछ भी की। लेकिन कोई नतीजा नही निकला इसके बाद इस घटना से सम्बन्धित कोई ठोस सबूत मिल जाये डॉग स्क्वॉयड भी आया था। लेकिन फिर भी कोई नतीजा नही निकला। आखिरकार किसने किस वजह से वरिष्ठ भाजपा नेता की बेरहमी से हत्या की है। हत्या के पीछे क्या कारण है। इसका पता लगाना पुलिस का काम है।
गांव पहुंचे भाजपा के दिग्गज
भाजपा बूथ अध्यक्ष हरिहर सिंह की हत्या की सूचना जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुई उसके बाद से भाजपा के कई दिग्गज नेताओं ने मौके पर जाकर हकीकत जानने का प्रयास किया। ब्लाक प्रमुख सिद्धौर प्रतिनिधि दिनेश रावत के अलावा स्थानीय सत्तापक्ष के नेता भी मौके पर पहुंच गये। सभी लोगों का यही कहना था कि हरिहर का स्वभाव सीधा और सरल था। आखिर किसने यह घिनौना काम किस लिये किया है।
