लखनऊ: रेलवे डीजल शेड से टैंकर गायब करने वाला चीफ इंस्पेक्टर गिरफ्तार
लखनऊ। आलमबाग डीजल शेड से डीजल का टैंकर गायब करने वाला रेलवे के मुख्य चीफ इंस्पेक्टर (सीएलआई) रविवार को पकड़ा लिया गया। रेलवे का आरोपी अफसर भगवान सिंह मीणा को उसके घर के पास से गिरफ्तार किया। वह अपने एक परिजन के साथ वकील से मिलने के लिए जा रहा था। उसके पास से तेल …
लखनऊ। आलमबाग डीजल शेड से डीजल का टैंकर गायब करने वाला रेलवे के मुख्य चीफ इंस्पेक्टर (सीएलआई) रविवार को पकड़ा लिया गया। रेलवे का आरोपी अफसर भगवान सिंह मीणा को उसके घर के पास से गिरफ्तार किया। वह अपने एक परिजन के साथ वकील से मिलने के लिए जा रहा था। उसके पास से तेल चोरी के 3 लाख 10 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।
डीजल शेड से तेल टैंकर को पार करने वाला मुख्य आरोपी सीएलआई बीएस मीणा दस दिन बाद आरपीएफ के हत्थे चढ़ गया। उसकी निशानदेही पर एक और चीफ लोको इंस्पेक्टर चंद्र प्रकाश को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के पास से करीब एक लाख रुपये बरामद किया गया है। जबकि डीजल चोरी 18 लाख रुपये के करीब की हुई थी। दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद बड़े खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।
28 जुलाई की रात गायब हुआ था एक डीजल टैंकर
बीती 28 जुलाई को उत्तर रेलवे के आलमबाग स्थित डीजल शेड में इंडियन ऑयल डिपो अमौसी से आने वाले दो डीजल टैंकरों में से एक टैंकर को चीफ लोको इंस्पेक्टर बीएस मीणा ने रास्ते में गायब करा दिया। जबकि कागजों में दो टैंकरों की आमद दर्ज की, वहीं आरपीएफ ने सिर्फ टैंकर का ही गेटपास बनाया और सीसीटीवी में भी एक टैंकर के आने की ही पुष्टि हुई।
कोर्ट में सरेंडर करने की थी तैयारी
डीजल चोरी का मुख्य आरोपी भगवान सिंह मीणा कोर्ट में सरेंडर करने की फिराक में था। कोर्ट में सोमवार को अर्जी डालने की तैयारी थी। आरपीएफ ने आरोपी के परिजनों के मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगा रखा था। जबकि मुख्य आरोपी का मोबाइल नंबर बंद था। रविवार को वह एक लोग के साथ किसी वकील से मिलने जा रहा था। इसी बीच आरपीएफ ने उसे दबोच लिया।
अभी तक आधा दर्जन लोग पकड़े गए
आरपीएफ ने डीजल टैंकर चोरी का मामला दर्ज करने से लेकर अब तक आधा दर्जन लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। पहले दिन खलासी दिलनवाज को पकड़ा। उसके पास से 20 हजार रुपये मिले। फिर ड्राइवर नीरज सिंह व क्लीनर अभिमान सिंह व ट्रक संचालक एवं कमलेश गुप्ता को गिरफ्तार किया। इसी क्रम में सीएलआई बीएस मीणा और चंद्रप्रकाश सहित कुल छह लोग तेल के खेल में पकड़े जा चुके है।
आरोपी का साथ देने वाला भी पकड़ा गया
गिरफ्तार चीफ लोको पायलट ने पूछताछ में बताया कि उसका सहयोगी सीएलआई चंद्र प्रकाश भी तेल चोरी में शामिल है। डीजल टैंकर चोरी से हुई कमाई में उसका भी हिस्सा था। उसे हिस्से के रूप में एक लाख 65 हजार रुपये दिए गए थे। आरपीएफ ने उसके पास से तेल चोरी के एक लाख 5 हजार रुपये भी बरामद किए।
चोर को ही सौंप दी थी जिम्मेदारी, कर दिया निलंबित
डीजल चोरी का खुलासा होने पर सीएलआई बीएस मीणा फरार हो गया था। जिसके बाद रेलवे प्रशासन ने उसकी जगह दूसरे सीएलआई चंद्रप्रकाश को जिम्मेदारी सौंप दी थी। चोर को ही डीजल की रखवाली की जिम्मेदारी सौंपने पर सवाल खड़े हो गए थे। अब मुख्य आरोपी के बाद मिलीभगत का खुलासा हुआ तो रेलवे ने तत्काल प्रभाव से उसे भी निलंबित कर दिया।
आलमबाग डीजल शेड से डीजल के टैंकर गायब होने के मामले में आरोपी को आरपीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के निशानदेही पर उसका साथ देने वाले चीफ लोको इंस्पेक्टर चंद्र प्रकाश को भी गिरफ्तार किया गया है। उनपर भी निलंबन की कार्रवाही हुई है। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है…संजय त्रिपाठी, डीआरएम, उत्तर रेलवे।
