मुरादाबाद: चुनाव निरस्त कराने को एसडीएम कोर्ट पहुंची ग्राम ठिरियादान की पूर्व प्रधान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। पंचायत चुनाव के दौरान वोटरों को लुभाने के लिए फर्जी चेक बांट कर प्रधान बनने वाली महिला ग्राम प्रधान समेत छह पर रिपोर्ट दर्ज होने के बाद प्रधानी पर खतरा मंडराने लगा है। पूर्व प्रधान ने चुनाव को निरस्त कर दोबारा चुनाव कराने के लिये एसडीएम सदर कोर्ट में याचिका दाखिल की …

मुरादाबाद, अमृत विचार। पंचायत चुनाव के दौरान वोटरों को लुभाने के लिए फर्जी चेक बांट कर प्रधान बनने वाली महिला ग्राम प्रधान समेत छह पर रिपोर्ट दर्ज होने के बाद प्रधानी पर खतरा मंडराने लगा है। पूर्व प्रधान ने चुनाव को निरस्त कर दोबारा चुनाव कराने के लिये एसडीएम सदर कोर्ट में याचिका दाखिल की है। पूर्व प्रधान का कहना है कि जांच में चुनाव में धोखाधड़ी की बात सामने आ चुकी है। लिहाजा निष्पक्ष प्रतिनिधि के चयन के लिए दुबारा चुनाव कराना आवश्यक है।

फर्जीवाड़े का यह चर्चित मामला भगतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ठिरियादान का है। मतदान के बाद से ही इस गांव में सियासी तूफान मचा हुआ है। जिसकी वजह जीतने वाली प्रधान ने वोटरों को लुभाने के लिएफर्जी चेक बांट दिए। दरअसल इस पंचायत चुनाव में गांव निवासी राजपाल सिंह ने अपनी पत्नी सूरजा देवी को प्रधान पद के लिए चुनाव मैदान में उतारा था।

बताते हैं कि राजपाल के रिश्तेदार भगतपुर टांडा ब्लाक में तैनात हैं। आरोप है कि मतदान से पहले सूरजा देवी ने अपने रिश्तेदार और एडीओ पंचायत चंद्रपाल सिंह के साथ मिलकर वोटरों को लुभाने की साजिश की। उन्होंने कई ग्रामीणों को 12-12 हजार रुपये के चेक दे दिए। सूरजा देवी को चुनाव जिताने के लिए 9 लाख 60 हजार रुपये के करीब 80 चेक वितरित किए गए। इतना ही नहीं 40 लोगों के खाते में छह-छह हजार रुपये भी जमा करा दिए।

मतदान के अगले दिन सभी ने यह कहकर चेक वापस ले लिए कि उनके खाते में भुगतान कराया जाएगा। आरोप है कि इसके बाद सभी चेकों को आग लगा दी। जबकि ग्रामीण इरफान व रफीक ने चेक अपने पास रख लिए। ग्रामीणों की शिकायत पर जब फर्जीवाड़े की जानकारी अफसरों को हुई तो होश उड़ गए। आनन-फानन डीएम ने पूरे प्रकरण की जांच के आदेश कर दिए।

काफी समय तक चली जांच के बाद ग्रामीणों द्वारा फर्जीवाड़े के लगाए गए आरोप सही पाए गए। इसके बाद इस्लाम व रफीक ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए एसएसपी को प्रार्थना पत्र दिया था। एसएसपी के आदेश पर भगतपुर थाने में प्रधान सूरजा देवी, उनके पति राजपाल सिंह, एडीओ पंचायत चंद्रपाल सिंह समेत हरिओम सिंह, विशेष कुमार और दिनेश के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

दोबारा चुनाव कराने को दायर की याचिका
मौजूदा प्रधान सूरजा देवी और एडीओ पंचायत चंद्रपाल सिंह समेत छह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पूर्व प्रधान सुनीता रानी ने दोबारा चुनाव कराने के लिए मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने एसडीएम सदर की कोर्ट में याचिका दायर की है। उनका कहना है कि सूरजा देवी ने एडीओ पंचायत के साथ मिलकर चुनाव जीतने के लिए फर्जीवाड़ा किया। ग्रामीणों को फर्जीचेक बांटकर मतदान को प्रभावित किया। जांच में यह बात भी साबित हो चुकी है। लिहाजा संविधान के अनुसार यह चुनाव अवैध है, निष्पक्ष प्रतिनिधि का चयन करने के लिए दोबारा चुनाव कराना आवश्यक है। फिलहाल इस याचिका पर सुनवाई के लिए अभी तारीख मुकर्रर नहीं हुई है।

ग्राम पंचायत ठिरियादान की पूर्व ग्राम प्रधान ने पंचायत चुनाव को लेकर आपत्ति दाखिल की है। लिहाजा पूरे मामले की जांच की जा रही है और नियमानुसार सुनवाई कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। – प्रशांत तिवारी, एसडीएम सदर

संबंधित समाचार