बरेली: 24 सरकारी कर्मियों ने ले ली किसान सम्मान निधि
बरेली, अमृत विचार। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ पात्रों को भले न मिल पाया हो लेकिन 24 सरकारी कर्मचारी योजना का लाभ जरूर पा गए। शासन स्तर पर हुए सत्यापन में इसका खुलासा हुआ है। अधिकारी फजीहत से बचने के लिए डाटा फीडिंग में गड़बड़ी और नोटिस जारी कर बैंक खाते में आई …
बरेली, अमृत विचार। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ पात्रों को भले न मिल पाया हो लेकिन 24 सरकारी कर्मचारी योजना का लाभ जरूर पा गए। शासन स्तर पर हुए सत्यापन में इसका खुलासा हुआ है। अधिकारी फजीहत से बचने के लिए डाटा फीडिंग में गड़बड़ी और नोटिस जारी कर बैंक खाते में आई धनराशि भारत सरकार के कोष में जमा कराने की बात कह रहे हैं। बता दें कि पिछले दिनों करीब पंद्रह सौ आयकर दाताओं के नाम भी सामने आए थे जिनको सम्मान निधि मिल गई थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसान सम्मान निधि योजना इसलिए शुरू की थी ताकि गरीब किसानों को आर्थिक लाभ मिल सके। योजना के तहत किसानों को साल में दो-दो हजार रुपये की तीन किस्त में छह हजार रुपये मिलते हैं। डाटा फीडिंग की लापरवाही से 37 सरकारी कर्मचारियों के खातों में सम्मान निधि के करीब डेढ़ लाख रुपये पहुंच गए। शासन ने सख्ती की तो 13 कर्मचारियों ने भारत सरकार के कोष में धनराशि जमा करा दी। अब शेष बचे 24 कर्मियों को नोटिस जारी कर रुपये लौटाने की बात कही गई है।
जिला कृषि अधिकारी का कहना है कि ऑनलाइन फीडिंग के दौरान चूक हुई है। गलती से 37 सरकारी कर्मियों का डाटा फीड हो गया। सत्यापन में मामला उजागर होने पर तुरंत किस्तें रोक दी गईं। जल्द ही सभी अपात्रों के खाते से धनराशि वापस करा ली जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि डाटा फीडिंग में गड़बड़ी की आशंका के लिहाज से अन्य किसानों का नाम, पता आदि का सत्यापन भी कराया जा रहा है।
