लखनऊ: राजधानी में डायरिया मरीजों की संख्या हुई सौ के पार, 11 की हालत गंभीर
लखनऊ। संजय गांधी नगर स्थित बालू अड्डा क्षेत्र में डायरिया के चपेट में आने वाले मरीजों की संख्या और बढ़ गयी। 8 नये मरीजों को जहां अस्पताल में भर्ती कराया गया है वहीं 11 मरीजों की स्थिति बेहतर नहीं है। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम के सीएमओ ने जहां मौके पर स्थिति का जायजा …
लखनऊ। संजय गांधी नगर स्थित बालू अड्डा क्षेत्र में डायरिया के चपेट में आने वाले मरीजों की संख्या और बढ़ गयी। 8 नये मरीजों को जहां अस्पताल में भर्ती कराया गया है वहीं 11 मरीजों की स्थिति बेहतर नहीं है। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम के सीएमओ ने जहां मौके पर स्थिति का जायजा लिया वहीं दोपहर को कानून मंत्री बृजेश पाठक और मेयर संयुक्ता भाटियां भी लोगों की हालचाल जाना और पीड़ितों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
बता दें कि सोमवार को यहां एक मासूम समेत दो की मौत हो गयी थी। एक दर्जन लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सीएमओ ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम संक्रामक रोग प्रभावित इलाके में उनकी पूरी टीम मुस्तैद है। पीड़ितों को जरूरी दवाएं भी मुहैया करायी गयी हैं।
इन मरीजों की हालत हुई गंभीर
अस्पताल में भर्ती जिन 11 मरीाजें की हालत गंभीर है उनमें कमलेश (45) लालजी (14), गोलू (25), विशाल (34), ज्योति कश्यप (21) शामिल हैं। ज्योति का बीमारी की वजह से ब्लड प्रेशर गड़बड़ा गया। आनन-फानन सभी मरीजों को सिविल में भर्ती कराया गया। वहीं क्रश कश्यप, सुहैल, अंश पांडेय, गुफसा, गोलू व नसरन बानो को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विधि मंत्री ने पैदल देखा पूरा क्षेत्र, सभी का फ्री में होगा इलाज
मौके पर पहुंचे विधि मंत्री बृजेश ने मृतकों के घर जाकर स्थिति को लेकर हाथ जोड़कर माफी मांगी और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। मंत्री ने इस दौरान लोगों की फरियाद भी सुनी और 24 घंटे में इलाके से पूरी गंदगी साफ करने का आदेश दिया, इसके साथ ही सिविल अस्पताल के डॉक्टरों को निर्देश दिया कि सभी अच्छे से उपचार किया जाये, इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही न की जाये।
क्षेत्र में 6 एंबुलेंस मुस्तैद
सीएमओ ने बताया कि क्षेत्र में 6 एंबुलेंस को लगा दिया गया है कि यदि कोई बीमारी की चपेट में आता है तो उसको तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने का निर्देश दिया गया है, साथ ही प्रथम उपचार के लिए सीएचसी पर भी टीम लगायी गयी है।
मौत के बाद दहशत में लोग
दो लोगों की मौत के बाद यहां लोग भी दहशत में आ गये हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां न तो समय से सफाई होती है न ही कूड़ा कचरा उठाया जाता है। लोगों की बात सुनने के बाद मंत्री ने अधिकारियों पर नाराजगी भी जतायी।
कई दिनों से आ रहा गंदा पानी
यहां के रहने वाले पंकज ने सुमित ने बताया कि कई दिनों से दिन से बेहद गंदा व बदबूदार पानी आ रहा है। शिकायत के बाद भी पानी की परेशानी दूर करने में अफसरों ने दिलचस्पी नहीं दिखाई। अफसरों की बेरुखी ने इलाके के दो मरीजों की जान ले ली है। अभी भी हालात जस के तस हैं। लोगों ने कहा कि साफ-सफाई भी नियमित नहीं हो रही है। जगह-जगह कूड़े का ढेर लगा है। नाले के ऊपर पत्थर डाल दिए गए हैं। कुछ लोग कूड़ा फेंक रहे हैं जिसकी सफाई नहीं हो पा रही है। इससे संक्रामक रोग फैला है।
