हिमाचल विधानसभा मानसून सत्र: आखिरी दिन कांग्रेस ने स्पीकर को हटाने की मांग की
शिमला। विपक्षी कांग्रेस के विधायकों ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष पद से विपिन सिंह परमार को हटाने की मांग की और कहा कि सदन की कार्यवाही में उनकी निष्पक्षता ‘संदेह के घेरे’ में है। कांग्रेस के सभी 19 विधायकों ने हिमाचल प्रदेश विधायिका में प्रक्रिया एवं कार्य संचालन के नियम 274(1) के तहत विधानसभा …
शिमला। विपक्षी कांग्रेस के विधायकों ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष पद से विपिन सिंह परमार को हटाने की मांग की और कहा कि सदन की कार्यवाही में उनकी निष्पक्षता ‘संदेह के घेरे’ में है। कांग्रेस के सभी 19 विधायकों ने हिमाचल प्रदेश विधायिका में प्रक्रिया एवं कार्य संचालन के नियम 274(1) के तहत विधानसभा अध्यक्ष को पद से हटाने के लिए विधानसभा सचिव को नोटिस दिया है।
कांग्रेस विधायकों ने शुक्रवार को मानसून सत्र के अंतिम दिन सदन की कार्यवाही का विरोध स्वरूप बहिष्कार भी किया। नोटिस में कहा गया कि सदन के कामकाज कराने में माननीय अध्यक्ष विपिन सिंह परमार की निष्पक्षता संदेह के घेरे में है और उम्मीद के अनुरूप नहीं है। कांग्रेस विधायकों ने कहा कि अध्यक्ष से उम्मीद की जाती है कि वह निष्पक्ष रहें और किसी भी एक विचारधारा का पक्ष न लें।
इसमें कहा गया कि विपक्षी सदस्यों के नोटिसों को लेकर अध्यक्ष निष्पक्ष नहीं हैं। विपक्षी सदस्यों के विभिन्न नियमों के तहत मुद्दे उठाने के लिए दिये जाने वाले नोटिस को सदन के कामकाज में शायद ही कभी जगह मिल पाती है। वे नियमों का उल्लंघन करते हुए सदन की कार्यसूची में सत्तारूढ़ दल के सदस्यों को अनुचित लाभ देते हैं।’ इसके साथ ही कांग्रेस विधायकों ने सिंह को अध्यक्ष पद से तत्काल हटाने की मांग की।
