बरेली: परास्नातक की परीक्षा खत्म, मूल्यांकन भी शुरू
बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय (रुविवि) की परास्नातक की मुख्य परीक्षाएं शनिवार को समाप्त हो गईं। शनिवार से विधिवत रूप से मूल्यांकन भी शुरू हो गया है। स्नातक की परीक्षाएं अब सिर्फ 16 और 23 अगस्त को होंगी। परीक्षा नियंत्रक अशोक कुमार अरविंद ने भी परीक्षा भवन में जाकर मूल्यांकन की समीक्षा की। पहले …
बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय (रुविवि) की परास्नातक की मुख्य परीक्षाएं शनिवार को समाप्त हो गईं। शनिवार से विधिवत रूप से मूल्यांकन भी शुरू हो गया है। स्नातक की परीक्षाएं अब सिर्फ 16 और 23 अगस्त को होंगी। परीक्षा नियंत्रक अशोक कुमार अरविंद ने भी परीक्षा भवन में जाकर मूल्यांकन की समीक्षा की। पहले दिन हिन्दी और अंग्रेजी की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। 49 परीक्षकों ने शनिवार को 6860 उत्तर पुस्तिकाएं जांचीं।
विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षाएं 15 जुलाई से शुरू हुई थीं। बीएड प्रवेश परीक्षा की तिथियों में बदलाव के चलते परीक्षाएं लंबी चलीं। वैसे तो परास्नातक की परीक्षाएं 4 अगस्त को समाप्त हो रही थीं लेकिन अब 14 अगस्त को परीक्षाएं समाप्त हुईं। 19 अगस्त तक परास्नातक की प्रयोगात्मक व मौखिक परीक्षाएं भी समाप्त हो जाएंगी।
19 अगस्त से स्नातक की प्रयोगात्मक व मौखिक परीक्षाएं शुरू हो जाएंगी। परीक्षा के लिए तीन मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। प्रो. केके महेश्वरी व प्रो. संतोष अरोड़ा को समन्वयक बनाया गया है। दो पालियों में मूल्यांकन किया जा रहा है, जिसमें एक परीक्षक को 140 कापियों मूल्यांकन के लिए दी जा रही हैं।
पर्यावरण की परीक्षा में दिक्कत
शनिवार को स्नातक की पर्यावरण विज्ञान की परीक्षा में कुछ छात्रों को परेशानी हुई। छात्रों का कहना था कि प्रवेश पत्र में परीक्षा की तिथि अपडेट नहीं की गई, जबकि विश्वविद्यालय के द्वारा तिथि बढ़ा दी गई। विश्वविद्यालय ने 31 जुलाई की परीक्षा 14 अगस्त को निर्धारित की थी। कुछ छात्राएं विश्वविद्यालय भी समस्या लेकर पहुंची। इस मामले को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि बीएड प्रवेश परीक्षा के चलते तिथि बदली गई थी। इसकी सूचना भी महाविद्यालयों को दी गई थी और वेबसाइट पर अपडेट की गई थी।
1698 परीक्षार्थी अनुपस्थित, एक नकचली पकड़ा
शनिवार को तीनों पालियों में कुल 35512 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिनमें 17983 छात्र और 17529 छात्राएं रहीं। कुल 1698 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इस दौरान पहली पाली में एक नकचली भी पकड़ा गया। विश्वविद्यालय के सचल दल ने भी छापेमारी की।
