हल्द्वानी: कुमाऊं में डेंगू का पहला मामला आया, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
हल्द्वानी, अमृत विचार। कुमाऊं में डेंगू का पहला मामला सामने आया है। अल्मोड़ा निवासी एक युवक में डेंगू की पुष्टि हुई है। उसे अल्मोड़ा से हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है। रोगी का उपचार सुशीला तिवारी अस्पताल में चल रहा है। कोरोना के साथ ही अब डेंगू भी पैर परासने लगा है। अल्मोड़ा निवासी एक …
हल्द्वानी, अमृत विचार। कुमाऊं में डेंगू का पहला मामला सामने आया है। अल्मोड़ा निवासी एक युवक में डेंगू की पुष्टि हुई है। उसे अल्मोड़ा से हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है। रोगी का उपचार सुशीला तिवारी अस्पताल में चल रहा है।
कोरोना के साथ ही अब डेंगू भी पैर परासने लगा है। अल्मोड़ा निवासी एक युवक की जांच में उसमें डेंगू की पुष्टि हुई है। युवक की उम्र 23 साल बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि उसे पिछले कुछ दिनों से बुखार और बदन दर्द की शिकायत थी। कोरोना के दौर में युवक के परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर गए।
शनिवार को डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच में उसमें डेंगू के लक्षण पाए। बाद में स्वास्थ्य जांच में उसमें डेंगू की पुष्टि हुई। बताया जा रहा है कि युवक प्लेटलेट्स तेजी के साथ गिर रही थी। जिस वजह से उसे हल्द्वानी में सुशीला तिवारी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। यहां उसका उपचार चल रहा है।
इधर जिला संक्रामक रोग विश्लेषक एनके कांडपाल ने बताया कि अभी नैनीताल जिले में डेंगू का मरीज नहीं मिला है। लेकिन लगातार सर्वे किया जा रहा है। जहां कहीं भी डेंगू का लार्वा मिलता है उसे नष्ट कर दिया जाता है। बताया कि पिछले साल भी डेंगू से काफी राहत रही थी। इस साल कुमाऊं में डेंगू का अभी तक यह पहला मामला बताया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर
हल्द्वानी। डेंगू का मरीज मिलते ही स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। नैनीताल जिले में साल 2019 में डेंगू के काफी रोगी मिले थे। कोरोनाकाल में अगर डेंगू भी अपना प्रभाव बढ़ाता है तो यह विभाग के लिए काफी दिक्कत वाली बात होगी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार हल्द्वानी, रामनगर और लालकुआं क्षेत्र में खासतौर से डेंगू को लेकर अभियान चलाए जा रहे हैं।
मिजल्स और रूबेला के लिए सर्वे कर रही टीम
हल्द्वानी। मिजल्स और रूबेला के मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। संभावित क्षेत्रों का दौरा किया जा रहा है। जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
