बरेली: मंडल में 369564 मीट्रिक टन के सापेक्ष 343949 मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध
बरेली, अमृत विचार। मंडल आयुक्त आर रमेश कुमार ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि जनपदों में नियमित भ्रमण करें। विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी कार्यों की समीक्षा कर निर्धारित प्रोफार्मा पर निरीक्षण आख्या नियमित रूप से जारी करें। कमिश्नरी सभागार में खरीफ फसलों के संबंध में समीक्षा बैठक करते हुए कहा कि खरीफ फसलों …
बरेली, अमृत विचार। मंडल आयुक्त आर रमेश कुमार ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि जनपदों में नियमित भ्रमण करें। विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी कार्यों की समीक्षा कर निर्धारित प्रोफार्मा पर निरीक्षण आख्या नियमित रूप से जारी करें। कमिश्नरी सभागार में खरीफ फसलों के संबंध में समीक्षा बैठक करते हुए कहा कि खरीफ फसलों के लिए उर्वरक, सिंचाई के लिए पानी तथा बीज आदि की नियमानुसार व्यवस्था कराएं।
बैठक में उन्हें बताया गया कि बरेली में माह अगस्त तक यूरिया का लक्ष्य 90115 मीट्रिक टन के सापेक्ष 83736 मीट्रिक टन, बदायूं में 87385 मीट्रिक टन के सापेक्ष 83073 मीट्रिक टन, पीलीभीत में 78282 मीट्रिक टन के सापेक्ष 78716 मीट्रिक टन तथा जनपद शाहजहांपुर में 113782 मीट्रिक टन के सापेक्ष 98424 मीट्रिक टन तथा मंडल में कुल 369564 मीट्रिक टन के सापेक्ष 343949 मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध है। संयुक्त निदेशक कृषि नीरज कुमार श्रीवास्तव ने अवगत कराया कि धान की फसल के लिए यूरिया की दो टाप ड्रेसिंग की आवश्यकता होती है, जिसमें यूरिया की 80 प्रतिशत दूसरी टाप ड्रेसिंग हो चुकी है।
बरेली मण्डल में खरीफ की फसलों के लिए यूरिया आवश्यकतानुसार उपलब्ध है। जनपदवार साप्ताहिक रैकिंग प्लान क्रमशः जनपद बरेली 9025 मीट्रिक टन, बदायूं में 5250 मीट्रिक टन, पीलीभीत में 5000 मीट्रिक टन एवं शाहजहांपुर में 5650 तथा मण्डल में कुल 24925 मीट्रिक टन और आपूर्ति होगी। खरीफ की फसलों की सिंचाई के संबंध में मंडलायुक्त को बताया कि मण्डल में कुल 385 टेलें हैं, जिसमें पानी पहुंचाने के लिए 382 प्रस्तावित टेल तथा 340 टेलों में पानी पहुंचाया जा चुका है।
इस संबंधित में मंडल आयुक्त ने इस बात की जानकारी चाही कि समस्त टेलों में पानी कब तक पहुंचाया जायेगा। अधीक्षण अभियन्ता सिचांई ने बताया कि पानी बनवसा, शारदा, पीलीभीत में मक्षौआ पर स्थित बैराज तथा बहगुल बैराज से आता है। मंडलायुक्त ने निर्देश दिये कि नहरों के कमाण्ड ऐरिया में समस्त रजबहों आदि की नियमित निगरानी की जाए एवं गूलों की विस्तृत जानकारी भी उपलब्ध कराएं।
बैठक में अधीशासी अभियन्ता नलकूप ने मण्डलायुक्त को अवगत कराया कि मण्डल में कुल 2761 राजकीय नलकूप हैं, जिसमें से 39 यंत्रिक दोष से खराब थे, जिनमें से सभी को शुरू करा दिया गया है। 34 विद्युत दोष के कारण खराब थे, जिनमें से 32 ठीक हो चुके हैं। विद्युत विभाग के अधिकारियों ने अवगत कराया कि जनपदों में ग्रामीण स्तर पर विद्युत आपूर्ति का लक्ष्य 18 घंटे निर्धारित है, जिसके सापेक्ष क्रमशः जनपद बरेली में 17.23, बदायूं में 17.24, पीलीभीत में 17.31 एवं शाहजहांपुर में 17.06 घंटे की औसत से विद्युत आपूर्ति की जा रही है। बैठक के अंत में मंडलायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिये कि जनपदों में नियमित भ्रमण करते हुए विकास कार्यों एवं सिंचाई आदि के कार्यों की स्थलीय समीक्षा करें।
बरेली: अमेरिका व फिलीपींस से दो युवतियां खिंची चली आयीं सात समंदर पार
