सीतापुर: बदमाशों ने व्यापारी की पिकअप पर फेंका हथगोला, जानें फिर क्या हुआ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीतापुर। बाराबंकी और लखनऊ मंडी से सब्जी लेने जा रहे व्यापारी की पिकअप के आगे हथगोला मार कर बदमाशों ने वाहन को रोक लिया। वाहन के रुकने के बाद दो बाइको से आये चार बदमाशों ने व्यापारी को पकड़ कर उसकी पिटाई कर दी और असलहा दिखा कर एक लाख बीस हजार रुपये बैग सहित …

सीतापुर। बाराबंकी और लखनऊ मंडी से सब्जी लेने जा रहे व्यापारी की पिकअप के आगे हथगोला मार कर बदमाशों ने वाहन को रोक लिया। वाहन के रुकने के बाद दो बाइको से आये चार बदमाशों ने व्यापारी को पकड़ कर उसकी पिटाई कर दी और असलहा दिखा कर एक लाख बीस हजार रुपये बैग सहित लूट कर फरार हो गए। मामले की जानकारी व्यापारी द्वारा स्थानीय पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामले में अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महमूदाबाद-भगौली मार्ग पर मलिकापुर गांव के समीप सोमवार की रात व्यापारी के साथ बाइक सवार बदमाशों के द्वारा लूट की घटना को अंजाम दिया गया। महमूदाबाद पालिका परिषद के सुन्दौली वार्ड निवासी हेमेंद्र मौर्य पुत्र सन्तसेवक मौर्य बाराबंकी मंडी से सब्जी लाने अपनी पिकअप से सोमवार की रात करीब 11 बजे अपने ड्राइवर अल्ताफ के साथ जा रहे थे। हेमेंद्र की पिकअप महमूदाबाद-भगौली मार्ग पर जैसे ही मलिकापुर गांव के पास पहुंचे कि अचानक गाड़ी के आगे तेज धमाका हुआ। धमाके की आवाज से पिकअप का अगला शीशा भी चटक गया।

आवाज सुनकर व्यापारी हेमेंद्र और ड्राइवर अल्ताफ को लगा कि पिकअप का टायर फट गया है। वह गाड़ी रोक कर नीचे उतरे और अपने टायरों की जांच करने लगे।तभी उसी जगह पहले से मौजूद दो बाइकों से चार बदमाशों ने हेमेंद्र और अल्ताफ को पकड़ लिया और हेमेंद्र की पिटाई शुरू कर पैसे मांगने लगे। हेमेंद्र ने विरोध किया तो बदमाशों ने हेमेंद्र को असलहा दिखाते हुये गाड़ी में रखा पैसों से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गये।

हेमेंद्र के अनुसार बैग में मौजूद एक लाख बीस हजार रुपये की नगदी जेकर बदमाश महमूदाबाद की ओर बाइको से फरार हो गए। बदमाशों के फरार होने के बाद स्थानीय पुलिस को व्यापारी के द्वारा सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर जाकर जांच शुरू करते हुए अभियोग दर्ज कर लिया। कोतवाल अनिल पांडेय ने बताया कि देर रात मामले की सूचना मिली थी। अभियोग दर्ज कर हर पहलू की जांच की जा रही है। जल्द बदमाशों को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

संबंधित समाचार