बरेली: सर्राफ को लूटने का था प्लान, रेकी भी की लेकिन… आखिरी मौके पर हुआ ये
बरेली, अमृत विचार। फतेहगंज पश्चिमी में दस दिन पहले पेट्रोल पंप मालिक पर तमंचा तानकर लूट मामले का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया। घटना को चार बदमाशों ने अंजाम दिया था। सर्विलांस टीम की मदद से गिरफ्तार चारों आरोपियों के पास से तमंचे और 70 हजार रुपये बरामद हुए हैं। पूछताछ में आरोपियों …
बरेली, अमृत विचार। फतेहगंज पश्चिमी में दस दिन पहले पेट्रोल पंप मालिक पर तमंचा तानकर लूट मामले का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया। घटना को चार बदमाशों ने अंजाम दिया था। सर्विलांस टीम की मदद से गिरफ्तार चारों आरोपियों के पास से तमंचे और 70 हजार रुपये बरामद हुए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बिलासपुर में सर्राफ को लूटने की योजना बना रहे थे। इसके लिए आरोपियों ने वहां रेकी भी की थी।
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने पुलिस ऑफिस में हुई प्रेसवार्ता में बताया कि प्रेमनगर के शास्त्री नगर निवासी रामस्वरूप शर्मा का गांव फतेहगंज पश्चिमी के हुरहरी में पेट्रोल पंप है। वह 7 अगस्त को रोज की तरह पेट्रोल पंप से शाम को कैश लेकर घर आ रहे थे। उनके पास लगभग 78 हजार रुपये थे। रात करीब नौ बजे फतेहगंज पश्चिमी के टोल से आगे रहपुरा अंडर पास पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन पर तमंचा ताना और रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। लुटेरों को पकड़ने के लिए एसएसपी ने क्राइम ब्रांच और सर्विलांस टीम को लगाया। पुलिस टीम ने सर्विलांस के माध्यम से मीरगंज के हुरहरी निवासी अनुज गंगवार, जीवन सागर, राजन सागर और फरीदपुर के गांव ढकनी निवासी सचिन दिवाकर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि अनुज, जीवन और सचिन ने लूट की थी। लूटा माल राजन के पास रखा था। पुलिस को आरोपियों के पास से दो तमंचे और 70 हजार रुपये के साथ पेट्रोल पंप संचालक की बाइक की चाबी भी बरामद हुई है। पुलिस ने चारों को जेल भेज दिया है।
अनुज ने कुछ दिन पहले रची थी साजिश
आरोपी अनुज पाइप लाइन ठीक करने का काम करता है। कुछ दिन पहले ही पेट्रोल पंप की पाइप लाइन में कुछ खराबी आ गई थी। इस पर रामस्वरूप ने उसे सही करने के लिए अनुज को बुलाया था। इसी दौरान पेट्रोल पंप मालिक को रुपये गिनते और अकेले जाते अनुज ने देख लिया। इसके बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट को अंजाम दिया।
दसवीं का छात्र है जीवन
लुटेरा जीवन दसवीं का छात्र है। उसने बताया कि अनुज ने उसे लूटने की योजना के बारे में बताया था। इसके बाद वह उसका साथ देने के लिए तैयार हो गया। उसने अपने दोस्त सचिन दिवाकर को बुलाकर अपनी योजना के बारे में बताया था।
